
लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर पोस्टर वॉर, अखिलेश के सिर पर हनुमान का हाथ; लिखा- ‘विजय भवः 2027’
LUCKNOW LIVE:लखनऊ में 2027 विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच पोस्टर वॉर तेज हो गया है। राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर एक नया चर्चित पोस्टर लगाया गया है। इस पोस्टर में भगवान श्री हनुमान सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में विजय भवः 2027 लिखा गया है।
यह पोस्टर सपा में यूपी सामाजिक न्याय यात्रा के प्रभारी संदीप सोनकर की ओर से लगाया गया है। पोस्टर में पूर्व मुख्य मंत्री मुलायम सिंह यादव और सपा सांसद डिंपल यादव की भी फोटो लगी हुई है। दरअसल 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों की नजर धार्मिक और सामाजिक समीकरणों को साधने पर है।
सपा कार्यालय के बाहर लगे इस पोस्टर को पार्टी के सॉफ्ट हिंदुत्व और धार्मिक प्रतीकों के जरिए मतदाताओं तक पैठ बनाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्टर सामने आने के बाद से यह सियासी गलियारों और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।