
लखनऊ में झमाझम बारिश से लुढ़का पारा,आंधी का भी अलर्ट
WEATHER ALERT: राजधानी लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शुक्रवार को झमाझम बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।
मौसम विभाग ने लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 30 अक्टूबर को राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ समय के लिए बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट की संभावना
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया गया है।
31 अक्टूबर से मौसम में होगा सुधार
मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर से लखनऊ में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। शनिवार को सुबह आसमान में बादल रह सकते हैं, जबकि बाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इसके बाद 1 नवंबर से आसमान साफ होने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों के पास खड़े होने से बचें। आकाशीय बिजली चमकने पर खुले मैदान में न रहें और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें।
फिलहाल राजधानी में बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। आने वाले 24 घंटों में मौसम पर लोगों और प्रशासन की नजर बनी रहेगी।