diwali horizontal

यूपी विधानसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की दस्तक: चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने मिलाया हाथ, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का किया ऐलान

0 21

लखनऊ: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में एक नए गठबंधन की शुरुआत हुई है। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन  के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस वार्ता कर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के गठन की आधिकारिक घोषणा की है। दोनों नेताओं ने ऐलान किया कि उनका यह गठबंधन राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा।

​प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इसे भले ही तीसरा मोर्चा कहा जा रहा हो, लेकिन यह शोषितों और वंचितों का पहला और मजबूत मोर्चा है। बाबासाहब भीमराव अंबेडकर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में दल के बिना बल नहीं मिलता और बल के बिना समस्याओं का हल संभव नहीं है। आजाद ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है और अब तक के राजनीतिक दलों ने उनके समाज को केवल धोखा दिया है। उन्होंने हाथरस की घटना, ऑनर किलिंग, मस्जिदों को नुकसान पहुंचाने और सरकारी स्कूलों के बंद होने जैसे मुद्दे उठाते हुए सत्ताधारी दल और विपक्ष दोनों को घेरा।

उन्होंने कहा कि उन पर निर्दोष होते हुए भी एनएसए लगाकर जेल भेजा गया, जबकि मुख्यमंत्री ने अपने मुकदमे वापस ले लिए। चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि वे किसी के आगे हाथ नहीं फैलाएंगे और अपने वोट की ताकत से सत्ता परिवर्तन करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि सपा और कांग्रेस उनके साथ आना चाहें तो उनका स्वागत है।

​वहीं, इस गठबंधन की बड़ी घोषणा करते हुए एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा चंद्रशेखर आजाद होंगे। ओवैसी ने अपने संबोधन में कहा कि यह मोर्चा भारतीय जनता पार्टी को हराने और एक मजबूत विकल्प देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े समाज का इस्तेमाल अब तक केवल वोट बैंक के रूप में किया गया है और आज प्रदेश का नौजवान बेरोजगार है तथा किसान परेशान है। ओवैसी ने कहा कि उनका गठबंधन इन्हीं बुनियादी मुद्दों पर चुनाव लड़ेगा।

​दोनों नेताओं ने बताया कि उनके दिल और दल दोनों मिल चुके हैं। इस नए मोर्चे की शक्ति प्रदर्शन और आगामी रणनीति के लिए 26 तारीख को एक बड़े महासम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा। इस गठबंधन को समाजवादी पार्टी के मुस्लिम वोट बैंक और बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक दलित वोट बैंक में सेंधमारी की एक बड़ी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.