diwali horizontal

चयनित सहायक लेखाकार अभ्यर्थियों ने आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में सह-निदेशक का किया घेराव

0 23

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नियुक्ति प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर हजारों परिवारों को राहत दिलाने की अपील

लखनऊ: ​उत्तर प्रदेश में सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक भर्ती-2023 के चयनित अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र मिलने में हो रही देरी के विरोध में गुरुवार को न्यू हैदराबाद स्थित आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में सह-निदेशक का घेराव किया। अंतिम परिणाम घोषित होने के करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी नियुक्ति न मिलने से अभ्यर्थी मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।

   उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 12 अगस्त 2026 को इस भर्ती के 1643 पदों का अंतिम परिणाम घोषित किया था। अभ्यर्थियों के अनुसार, स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया करीब एक महीना पहले पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद निदेशालय द्वारा नियुक्ति से पहले संपूर्ण दस्तावेज सत्यापन को अनिवार्य बताकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में देरी की जा रही है।


​प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश की अन्य भर्तियों जैसे ग्राम पंचायत अधिकारी और कनिष्ठ सहायक में प्रक्रियाएं तेजी से पूरी कर नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं, फिर इस भर्ती के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है? वे अपनी गुहार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार के साथ-साथ उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के समक्ष भी लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
​अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि निदेशालय को समयबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र जारी करने के निर्देश दिए जाएं, या फिर दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को परिवीक्षा अवधि के दौरान पूरा कराया जाए ताकि हजारों परिवारों का भविष्य अनिश्चितता से बच सके। अब सभी चयनित युवाओं की निगाहें मुख्यमंत्री के निर्णय पर टिकी हुई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.