
ATM से महीने में 5 फ्री ट्रांजैक्शन के बाद लगेगा ₹23 चार्ज!
ATM CHARGE: देशभर में ATM से पैसे निकालने वाले लोगों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM से कैश निकालने और अन्य बैंकिंग सेवाओं से जुड़े नियमों को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत निर्धारित मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा खत्म होने के बाद ग्राहकों को हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर अधिकतम 23 रुपये का शुल्क देना पड़ सकता है। इसके अलावा लागू टैक्स भी देना होगा।
RBI के 27 नवंबर 2026 को जारी नए निर्देशों के मुताबिक, ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने कम से कम 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। वहीं दूसरे बैंकों के ATM पर मेट्रो शहरों में 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 मुफ्त ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी। अगर ग्राहक मेट्रो और नॉन-मेट्रो दोनों जगह दूसरे बैंकों के ATM का इस्तेमाल करते हैं, तो कुल मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा 5 ही रहेगी।

मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा पूरी होने के बाद बैंक प्रति अतिरिक्त ट्रांजैक्शन अधिकतम 23 रुपये और लागू टैक्स वसूल सकते हैं। हालांकि, बैंक अपनी नीति के अनुसार इससे कम शुल्क भी रख सकते हैं।
RBI ने बैंकों को यह भी निर्देश दिया है कि ग्राहकों को उनके मुफ्त ट्रांजैक्शन इस्तेमाल होने की जानकारी और आगे लगने वाले शुल्क के बारे में अलर्ट दिया जाए।
एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि अगर ATM में तकनीकी खराबी, नेटवर्क समस्या या कैश उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रांजैक्शन फेल होता है, तो उसे वैध ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा और इसके लिए ग्राहक से शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इसलिए ATM का इस्तेमाल करते समय अपने बैंक के नियमों और मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा की जानकारी जरूर रखें।