diwali horizontal

सुलतानपुर से इलाज के लिए KGMU लाया गया विचाराधीन बंदी पर्चा बनवाते समय बंदी फरार दो बंदीरक्षक सस्पेंड

0 119

लखनऊ : जिला जेल सुलतानपुर से इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ लाया गया विचाराधीन बंदी अंसार अहमद शनिवार को पर्चा बनवाते समय फरार हो गया। बंदी की अभिरक्षा में तैनात दोनों बंदीरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। जेल अधीक्षक उमेश सिंह के अनुसार विचाराधीन बंदी ‌अंसार अहमद सुलतानपुर जिले के कूड़वार थाना क्षेत्र स्थित दुल्लापुर गांव का रहने वाला है।

उसे 8/21एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में कोर्ट केआदेश पर 10 अगस्त 2021 को सुलतानपुर जेल में दाखिल किया गया था। गत 29 नवंबर 2021 को बीमार होने तथा खून की उल्टी होने पर उसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सुल्तानपुर भेजा गया था। इलाज के लिए जेल द्वारा पुलिस गार्ड की मांग की गई लेकिन गार्ड न मिलने पर बंदी की जान बचाने के लिए जेल से बंदीरक्षक भेजकर जिला चिकित्सालय सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया था।

जिला अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ रेफर किया गया। शनिवार को दोपहर लगभग 12 बजे दिन में केजीएमयू में इलाज के लिए पर्चा बनवाते समय बंदी अभिरक्षा में ड्यूटी पर तैनात सुल्तानपुर जेल के बंदीरक्षकों रामबली निषाद व अभिषेक कुमार को चकमा देकर फरार हो गया। जेल मुख्यालय के अनुसार बंदी की फरारी की इस घटना की सूचना KGMU पुलिस चौकी को दी गई है। उसकी पुनः गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

ड्यूटी के प्रति लापरवाही के लिए प्रथमदृष्ट्या दोषी पाए गए दोनों बंदीरक्षकों रामबली निषाद व अभिषेक कुमार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.