
बीकेटी : विधानसभा चुनाव 2022 के लिए गुरुवार को बख़्शी का तालाब कांग्रेस प्रत्याशी ललन कुमार ने अपना प्रतिज्ञा पत्र जारी कर दिया है। ललन कुमार ने इस प्रतिज्ञा पत्र में किसानों और बेरोजगारों के लिए कई ऐलान किए हैं। इस मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह,ब्लाक अध्यक्ष सन्तोष द्विवेदी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। बीकेटी चुनाव कार्यालय पर प्रतिज्ञा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ललन कुमार ने कहा कि हमने आम लोगों के सुझावों को इसमें शामिल किया है। अन्य पार्टियों की तरह दूसरे दलों की घोषणाओं को नहीं शामिल किया गया है। आज की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी और महंगाई की है। इसे लेकर कई घोषणाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में हम अपने वादों को प्रतिज्ञा का नाम दे रहे हैं।हम बीकेटी विधानसभा क्षेत्र की जनता को वचन दे रहे हैं कि जो कहेंगे वह चुनाव जीतने के बाद वह सब करके दिखायेंगे।हमारी प्रतिज्ञायें बीकेटी विधानसभा क्षेत्र की जनता को न सिर्फ राहत देने का कार्य करेंगी, बल्कि इनसे विधानसभा के मजबूत व उज्जवल भविष्य का रास्ता निकलेगा।इस प्रतिज्ञा पत्र को तैयार करने से पहले हमने विधानसभा क्षेत्र के करीब एक लाख लोगों से बात की जिनकी आकांक्षाओं को इसमें शामिल किया गया है। हमने समाज के हर वर्ग से बात की और यह जन घोषणा पत्र तैयार किया है।
प्रतिज्ञा पत्र के प्रमुख बिंदु:
संविदाकर्मी एवं ठेका कर्मचारियों की होगी नियमतीकरण की व्यवस्था
आशा बहू, आंगनबाड़ी सेविकाओं का उचित मानदेय सुनिश्चित कराना
गांव के चौक चौराहों को सीसीटीवी, वाई फाई एवं सोलर लाइट से स्मार्ट बनाना
विद्यालयों का आधुनिकीकरण एवं पंचायत स्तर पर पुस्तकालयों का निर्माण कराना
बिजली बिल में गड़बड़ियों का सुधार
युवाओं के लिए स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनवाना
पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य व्यवस्था का उचित प्रबंध करना
हर घर स्वच्छ पेयजल एवं पक्का मकान सबको मिलेगा, कोई भी घर कच्चा नहीं रहेगा
रेहड़ी पटरी वाले व्यापारियों के लिए उचित स्थान सुनिश्चित कराना
किसानों को उनका अधिकार दिलाना
बख़्शी का तालाब का सौंदर्यीकरण कराना
दो साल पहले नगर निगम सीमा में शामिल किये गए 88 गांवों के निवासियों को कानूनी अधिकार एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना