
भाजपा ने बुधवार को साफ किया कि वह बिहार में जातीय जनगणना का समर्थन करेगी। सीएम नीतीश कुमार ने एक जून को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि एक जून को नीतीश कुमार के नेतृत्व में बैठक होने जा रही है। करीब सभी पार्टियां जातीय जनगणना के पक्ष में हैं। मंत्री ने कहा कि बैठक में लिये जाने वाले फैसले के बाद इसके क्रियान्वयन को लेकर मंत्रियों की बैठक बुलानी होगी। इसलिए इसे मंत्री परिषद की बैठक में लाया जाएगा। इसके बाद सरकार इसे लागू करने का प्रयास करेगी।
मंत्री ने कहा कि जातीय जनगणना पर सभी दल सहमत हैं। सभी दलों से बातचीत हो चुकी है। एक जून को होने वाली बैठक में सभी दलों के लोग शामिल होंगे। बीजेपी ने कभी जातीय जनगणना का विरोध नहीं किया है।
इससे पहले विजय कुमार चौधरी ने ही मंगलवार को बताया था कि एक जून को सर्वदलीय बैठक होने जा रही है। मालूम हो कि मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों जातीय जनगणना पर शीघ्र बैठक बुलाने की घोषणा की थी। मंत्री ने यह भी कहा कि जातीय जनगणना कराने की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजने का सरकार का प्रस्ताव विधानसभा में दो-दो बार पारित हो चुका है।