diwali horizontal

National Taekwondo Championship will be held in Uttarakhand, poster launched in Lucknow

0 221

उत्तराखंड में होगी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप, लखनऊ में हुआ पोस्टर लॉन्च

लखनऊ: राजधानी में आज आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का पोस्टर लॉन्च किया गया। यह प्रतियोगिता उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में 27 से 29 जून 2025 के बीच आयोजित होगी। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव और भारत में ताइक्वांडो के जनक माने जाने वाले डॉ. जीएम जिमी आर. जगतियानी ने प्रेस वार्ता के दौरान प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन का संचालन भारतीय ताइक्वांडो अकादमी, देवभूमि उत्तराखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन और ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन के दौरान 28वीं राष्ट्रीय पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप के साथ ही सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर, कैडेट और शिशु वर्गों में 42वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन होगा। इसमें पुरुष और महिला वर्गों के साथ ब्लैक बेल्ट सीनियर पुरुष वर्ग के खिलाड़ी भी भाग लेंगे।डॉ. जगतियानी ने कहा कि खिलाड़ियों के आवास और अन्य व्यवस्थाओं के लिए आगमन और प्रस्थान की विस्तृत जानकारी के साथ प्रवेश पत्र 10 जून 2025 तक अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। साथ ही प्रतिभागियों की सूची व्हाट्सएप नंबर 9198469730 पर भेजने की अंतिम तिथि भी 10 जून निर्धारित की गई है।उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देशभर के 20 राज्यों से करीब 800 खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के स्वर्ण और रजत पदक विजेताओं का चयन आगामी नवंबर 2025 में दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाली विश्व ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा।चैंपियनशिप में पहली बार विश्व ताइक्वांडो महासंघ द्वारा वर्ष 2024 में लागू किए गए नए प्रतियोगिता नियमों को अपनाया जा रहा है। फेडरेशन के तकनीकी सलाहकार पीटर आर. जगतियानी ने नए नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि अब स्कोरिंग प्रणाली इस प्रकार होगी — ट्रंक प्रोटेक्टर पर वैध पंच पर एक अंक, वैध किक पर दो अंक, टर्निंग किक पर चार अंक, सिर पर वैध किक पर तीन अंक और सिर पर वैध टर्निंग किक पर पांच अंक मिलेंगे। इसके अतिरिक्त, यदि किसी खिलाड़ी को “गाम-जोम” (चेतावनी) दी जाती है, तो उसका एक अंक प्रतिद्वंद्वी को दिया जाएगा।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि दूसरे राउंड के अंत या तीसरे राउंड के दौरान दो खिलाड़ियों के बीच 20 अंकों का अंतर हो जाता है, तो रेफरी प्रतियोगिता रोक देगा और अंकों के अंतर से विजेता घोषित किया जाएगा। हालांकि सीनियर डिवीजन के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में यह नियम लागू नहीं होगा। प्रतियोगिता का स्कोरिंग सिस्टम सेंसर से जुड़ा स्कोर बोर्ड के माध्यम से संचालित होगा।
ताइक्वांडो के इस राष्ट्रीय आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह का माहौल है, वहीं यह प्रतियोगिता देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच का द्वार भी खोलने वाली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.