diwali horizontal

लखनऊ में बड़ा मंगल को लेकर नगर निगम की विशेष तैयारी, स्वच्छता व्यवस्था में कोई कोताही नहीं

0 211

लखनऊ में बड़ा मंगल को लेकर नगर निगम की विशेष तैयारी, स्वच्छता व्यवस्था में कोई कोताही नहीं

लखनऊ: आगामी 13 मई 2025 को ज्येष्ठ मास का पहला मंगलवार यानी बड़ा मंगल है। इस अवसर पर राजधानी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन और भंडारों के आयोजन के चलते पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल होता है। इस बार भी लखनऊ नगर निगम ने आयोजन को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।नगर निगम की ओर से शहरवासियों से अपील की गई है कि जहां कहीं भी भंडारे का आयोजन किया जाए, उसकी सूचना कम से कम 24 घंटे पहले नगर निगम कंट्रोल रूम नंबर 1533 पर अवश्य दी जाए। इससे निगम की टीम समय रहते वहां पहुंचकर सफाई की व्यवस्था कर सकेगी और आयोजन में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होगी। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नगर की सफाई व्यवस्था में कोई चूक न हो।नगर निगम ने प्रमुख मंदिरों और मेलों वाले इलाकों जैसे हनुमान सेतु, अमीनाबाद हनुमान मंदिर, अलीगंज का नया और पुराना हनुमान मंदिर, छाछीकुआं चौराहा और हजरतगंज में विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। ज़ोनल अधिकारी और सफाई पर्यवेक्षक इन क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर नालियों की सफाई, कूड़ा उठान और चूना-पानी के छिड़काव की व्यवस्था कर रहे हैं।भंडारों के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे के निस्तारण के लिए नगर निगम आयोजकों के साथ समन्वय बनाकर डस्टबिन उपलब्ध करा रहा है, और आयोजन समाप्त होते ही स्थल की तत्काल सफाई कराई जाएगी।सड़क, जल, प्रकाश और हरियाली की व्यवस्थाओं को भी चाक-चौबंद किया जा रहा है। विद्युत और यांत्रिक विभाग को सभी प्रमुख मंदिर मार्गों की स्ट्रीट लाइट्स दुरुस्त रखने को कहा गया है ताकि रात में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। जलकल विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि हर प्रमुख पूजा स्थल पर पीने के पानी के टैंकर लगाए जाएं। वहीं नगर अभियंताओं को गड्ढों को भरने, सड़क मरम्मत और मलबा हटाने का कार्य सौंपा गया है। इसके अलावा उद्यान विभाग को पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए नगर निगम ने पशु कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया है कि भारी भीड़ वाले क्षेत्रों में कैटल कैचिंग टीमों की तैनाती कर आवारा पशुओं की आवाजाही को रोका जाए। साथ ही अपर नगर आयुक्तों को अपने-अपने जोनों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है ताकि सभी तैयारियां समय से पूरी की जा सकें।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने पुनः अपील की है कि लखनऊ की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नागरिक नगर निगम से सहयोग करें और यदि वे कहीं भंडारे का आयोजन कर रहे हैं, तो उसकी जानकारी कम से कम एक दिन पहले 1533 नंबर पर अवश्य दें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था सभी की सुविधा और शहर की सुंदरता के लिए जरूरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.