
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का 100 दिवसीय संगठन सृजन अभियान शुरू, सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूत होगा ढांचा: राजेश तिवारी
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का 100 दिवसीय संगठन सृजन अभियान शुरू, सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूत होगा ढांचा: राजेश तिवारी
लखनऊ: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पार्टी ने राज्य में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए 100 दिनों का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन डॉ. सी.पी. राय, वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, प्रवक्ता शुचि विश्वास और डॉ. सुधा मिश्रा भी मौजूद रहीं।राजेश तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी द्वारा शुरू किए गए संगठनात्मक कार्य को आगे बढ़ाते हुए पार्टी ने रायपुर और अहमदाबाद में पारित प्रस्तावों के अनुरूप पांच स्तरीय संगठनात्मक ढांचा तैयार करने का निर्णय लिया है। इस ढांचे में जिला, ब्लॉक, मंडल, न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक की इकाइयों का गठन शामिल है।उन्होंने बताया कि इस 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत प्रदेश की 133 जिला व शहर इकाइयों के अंतर्गत 823 ब्लॉक, 3200 मंडल, 8135 न्याय पंचायत और 1,62,000 बूथों पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 के पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है।तिवारी ने जानकारी दी कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में सभी प्रदेशों के जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने की प्राथमिकता तय की थी। उसी कड़ी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कल, शनिवार को सुबह 11 बजे से कैसरबाग स्थित गांधी भवन प्रेक्षागृह में एक विशेष संगठन सृजन कार्यशाला का आयोजन कर रही है।उन्होंने यह भी बताया कि पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले की वजह से स्थगित किए गए “संविधान बचाओ सम्मेलन” को अब पुनः शुरू किया जाएगा, साथ ही “जयहिंद सभाओं” का भी राज्यभर में आयोजन होगा।तिवारी ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य है कि 2025 तक प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूत संगठन तैयार कर लिया जाए, जिससे कांग्रेस जमीनी स्तर पर सक्रिय और प्रभावी भूमिका में लौट सके।
