
आईफा 2027 में सलमान का स्वैग, करण-वरुण की जोड़ी और करीना-जाह्नवी का ग्लैमर, अबू धाबी में सजेगा सितारों का मेला
22-23 जनवरी को यास आइलैंड के एतिहाद एरिना में होगा 27वां आईफा वीकेंड एंड अवॉर्ड्स, पहली बार यूट्यूब पर दुनिया भर में होगा सीधा प्रसारण
मनोरंजन डेस्क : बॉलीवुड का ग्लैमर जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतरता है तो नजारा खास हो जाता है। कुछ ऐसा ही माहौल जनवरी 2027 में अबू धाबी के यास आइलैंड पर बनने जा रहा है। आईफा वीकेंड एंड अवॉर्ड्स के 27वें संस्करण का आयोजन 22 और 23 जनवरी को एतिहाद एरिना में होगा, जहां बॉलीवुड के सितारे संगीत, नृत्य और मनोरंजन से शाम को यादगार बनाएंगे।
आईफा अवॉर्ड्स 2027 की मेजबानी करण जौहर और वरुण धवन करेंगे। दोनों की हाजिरजवाबी और मस्ती भरी केमिस्ट्री अवॉर्ड नाइट में मनोरंजन का तड़का लगाएगी। वहीं मंच पर सलमान खान, शाहिद कपूर, करीना कपूर खान और जाह्नवी कपूर अपनी विशेष प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीतने की तैयारी में हैं।
सलमान खान की वापसी पर खास नजर
आईफा के मंच पर सलमान खान की वापसी समारोह का प्रमुख आकर्षण होगी। आईफा से लंबे समय से जुड़े सलमान ने कहा है कि उनके लिए यह सिर्फ पुरस्कार समारोह नहीं, बल्कि फिल्मों, कलाकारों और दर्शकों के प्यार का उत्सव है। अबू धाबी से अपने खास जुड़ाव का जिक्र करते हुए अभिनेता ने यास आइलैंड पर दोबारा प्रस्तुति देने को लेकर उत्साह भी जाहिर किया है।
पंकज त्रिपाठी की नई भूमिका
आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 की मेजबानी पंकज त्रिपाठी और अली फजल करेंगे। खास बात यह है कि पंकज त्रिपाठी पहली बार किसी पुरस्कार समारोह की मेजबानी करते नजर आएंगे। अपने सहज हास्य और खास अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले पंकज इस मंच पर मनोरंजन का नया रंग जोड़ेंगे।
पहली बार यूट्यूब पर सीधा प्रसारण
आईफा 2027 में डिजिटल स्तर पर भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पहली बार आईफा अवॉर्ड्स का दुनियाभर में सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा। इसके साथ ही सितारों से बातचीत, पर्दे के पीछे की झलक और डिजिटल सामग्री भी दर्शकों तक पहुंचाई जाएगी।
यास आइलैंड पर यह आईफा का चौथा आयोजन होगा। वहीं सोभा रियल्टी के साथ साझेदारी चौथे वर्ष में प्रवेश करेगी और जी एंटरटेनमेंट लगातार तीसरे साल आधिकारिक प्रसारण साझेदार रहेगा आईफा 2027 के टिकटों की बिक्री शुरू हो चुकी है। जनवरी में अबू धाबी का यास आइलैंड बॉलीवुड सितारों की चमक और भारतीय सिनेमा के वैश्विक जश्न का गवाह बनेगा।