
लकड़ी लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने दोनों को लिया हिरासत में
लखनऊ: चिनहट थाना क्षेत्र स्थित भैसा कुण्ड घाट पर गुरुवार को लकड़ी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया और शांति व्यवस्था बहाल की।प्राप्त जानकारी के अनुसार, झगड़ा पप्पू (35 वर्ष), पुत्र शहजाद, निवासी मकान नंबर 132 राम रहीम एकता नगर हतासी खेड़ा, थाना चिनहट और रूपेश कुमार (29 वर्ष), पुत्र टीकाराम, निवासी फैजुल्लागंज पानी की टंकी के पास पूरनिया, थाना मड़ियांव, लखनऊ के बीच हुआ। दोनों ही व्यक्ति भैसा कुण्ड घाट पर लकड़ी लगाने का कार्य करते हैं।प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि घाट पर लकड़ी लगाने को लेकर दोनों में वाद-विवाद हुआ, जो मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों को मौके से हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी है।थाना प्रभारी ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों पक्षों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
