diwali horizontal

जानकीपुरम में बड़े भाई ने नशे में छोटे भाई की पीट-पीटकर कर दी हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

0 51

जानकीपुरम में बड़े भाई ने नशे में छोटे भाई की पीट-पीटकर कर दी हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

लखनऊ: जानकीपुरम थाना क्षेत्र स्थित जानकीपुरम सेक्टर-6 में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ शराब के नशे में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मृतक रवि मिश्रा उर्फ अनुज मिश्रा की उम्र लगभग 20 वर्ष थी। उसकी मां निर्मला मिश्रा ने थाना जानकीपुरम में लिखित सूचना दी कि सोमवार सुबह उनके दो बेटों—अमित मिश्रा उर्फ बाला और रवि मिश्रा उर्फ अनुज मिश्रा—के बीच शराब के नशे में कहासुनी शुरू हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अमित ने गुस्से में आकर अपने छोटे भाई रवि के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर हो गई कि रवि की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलने पर थाना जानकीपुरम पुलिस तत्काल हरकत में आई और हत्या के आरोपी बड़े भाई अमित मिश्रा उर्फ बाला को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर मुकदमा संख्या 118/2025, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी और मृतक दोनों सगे भाई हैं और घटना के समय दोनों ने शराब पी रखी थी। शराब के नशे में उत्पन्न हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया, जिसके परिणामस्वरूप एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं।फिलहाल आरोपी को थाने में रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत किया और क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक कलह और नशे की लत किस तरह से एक खुशहाल घर को भी पल भर में तबाह कर सकती है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही मामले में आगे की कार्यवाही किए जाने की बात कही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.