diwali horizontal

छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक दिवस समारोह में बोले अखिलेश यादव: 2027 में भाजपा की विदाई तय, यूपी से ही होगा बदलाव

0 100

छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक दिवस समारोह में बोले अखिलेश यादव: 2027 में भाजपा की विदाई तय, यूपी से ही होगा बदलाव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा सरकारें झूठ पर टिकी हैं और उसका मातृ संगठन नागपुर का वह कारखाना है, जो बिना पंजीकरण के समाज में नफरत और दूरी का उत्पादन करता है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिटलर के प्रचारमंत्री गोएबल्स को भी पीछे छोड़ दिया है और जनता अब इस झूठ और नफरत से ऊब चुकी है। 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा की विदाई तय है।अखिलेश यादव डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार, लखनऊ में आयोजित छत्रपति शिवाजी महाराज राज्याभिषेक दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का आयोजन सरदार सेना की ओर से किया गया था, जिसमें संयोजक की भूमिका आर.एस. पटेल ने निभाई और संचालन सतेन्द्र पटेल ने किया।समारोह को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने मानवता, समानता और पंथनिरपेक्षता के आदर्शों पर चलकर साम्राज्य की स्थापना की। उन्होंने किसी भेदभाव के बिना सबको साथ लेकर ‘स्वराज’ की लड़ाई लड़ी। यादव ने कहा कि शिवाजी महाराज की सेना में नूर खां बेग, इब्राहिम खां और दौलत खां जैसे मुस्लिम सेनानायक थे, जो उनकी पंथनिरपेक्ष सोच को दर्शाते हैं।उन्होंने ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आगरा में शिवाजी महाराज का एक भव्य म्यूजियम बनाया जाएगा और लखनऊ के रिवर फ्रंट पर उनकी सिंहासन पर बैठी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। सिंहासन सोने का होगा, जो उनकी गौरवगाथा का प्रतीक होगा।भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि “आज हर तरफ भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है। गरीबों की कमाई को योजनाओं और टैक्स के नाम पर लूटा जा रहा है। जनता त्रस्त है और अब बदलाव की ओर देख रही है।” उन्होंने कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ही भाजपा के खिलाफ प्रभावी विकल्प है और इसी मोर्चे से सत्ता परिवर्तन की लड़ाई लड़ी जाएगी।अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि इतिहास का काम है दिशा दिखाना, लेकिन अगर कोई इतिहास समाज में दूरी पैदा करे, तो उसे इतिहास ही रहने देना चाहिए। “हम सब महापुरुषों का सम्मान करते हैं। हमारे आदर्श वे लोग हैं जिन्होंने समावेशिता, मानवता और स्वतंत्रता की राह दिखाई।”समारोह में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा, विधायक रोशन लाल, समाजवादी शिक्षक सभा के अध्यक्ष प्रो. बी. पांडेय, कामाजी पंवार, सोनम बगवाड़ी, शेख सुभान अली, अविनाश कांकड़े सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।समारोह में सरदार सेना के वक्ताओं ने भी एक स्वर में घोषणा की कि 2027 में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव पुनः मुख्यमंत्री बनेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.