
लखनऊ विश्वविद्यालय के 10 बीटेक छात्रों का स्टुफिट कंपनी में इंटर्नशिप के लिए चयन
लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के बीटेक पाठ्यक्रम में अध्ययनरत 2026 बैच के 10 छात्र-छात्राओं का चयन प्रतिष्ठित टेक्नोलॉजी कंपनी स्टुफिट में इंटर्नशिप के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय एवं संकाय अधिष्ठाता प्रो. ए.के. सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी है।कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान किए गए प्रशिक्षण का प्रमाण है। उन्होंने इसे छात्रों के लिए उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और अपने कौशल को निखारने का उत्कृष्ट अवसर बताया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा है।संकाय के प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने बताया कि चयन प्रक्रिया स्टुफिट कंपनी द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें लिखित परीक्षा, तकनीकी साक्षात्कार और प्रबंधन साक्षात्कार जैसे कई चरण शामिल थे। सभी चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रत्येक स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया।बीटेक (सीएसई-एआई) के अरिंदम शुक्ला, मोहित यादव, विश्वजीत कुमार और मेघा गुप्ता, तथा बीटेक (सीएसई) के आदित्य वर्धन सिंह, शौर्य बाजपेयी, आयुष जिंदल, प्रिन्सी बल्लभ, गर्व मित्तल और आयुष पाल का इस इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ है।यह इंटर्नशिप विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, यूआई/यूएक्स डिजाइनिंग और डेटा एनालिटिक्स जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्रों में व्यावसायिक अनुभव प्रदान करेगी। साथ ही, प्रदर्शन के आधार पर चयनित छात्रों को 5,000 से 10,000 रुपये प्रतिमाह का स्टाइपेंड भी मिलेगा।कुलपति ने विश्वास जताया कि यह सफलता विश्वविद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरित करेगी और वे भी तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में अपने प्रयास और तेज करेंगे।
