
अखिलेश यादव ने ‘बिहारी टार्जन’ राजा यादव को किया सम्मानित, कहा— “स्वस्थ शरीर में ही बसता है स्वस्थ मन”
अखिलेश यादव ने ‘बिहारी टार्जन’ राजा यादव को किया सम्मानित, कहा— “स्वस्थ शरीर में ही बसता है स्वस्थ मन”
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में बिहार के पश्चिमी चम्पारण जनपद के चौलखा निवासी प्रख्यात नेशनल पहलवान राजा यादव को सम्मानित किया। अपनी असाधारण शारीरिक क्षमता और कसरती जीवनशैली के चलते ‘बिहारी टार्जन’ के नाम से प्रसिद्ध राजा यादव को सम्मानित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि देश के नौजवानों को राजा यादव से प्रेरणा लेनी चाहिए।अखिलेश यादव ने कहा कि राजा यादव जैसे प्रेरक व्यक्तित्व आज के युवाओं के लिए उदाहरण हैं, जो यह दिखाते हैं कि अनुशासन, परिश्रम और समर्पण से न केवल शरीर सुगठित बनाया जा सकता है, बल्कि मन भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन होता है और जब मन और शरीर दोनों मजबूत होंगे, तभी कोई भी व्यक्ति अपने सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों का सकारात्मक रूप से निर्वहन कर सकेगा।”राजा यादव के बारे में जानकारी देते हुए अखिलेश यादव ने बताया कि वे प्रसिद्ध योग गुरु बाबा रामदेव के साथ तेज रफ्तार दौड़ भी लगा चुके हैं, जिससे उनकी फिटनेस और दृढ़ता का अंदाजा लगाया जा सकता है।अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि “स्वामी विवेकानंद युवाओं से कहते थे— फुटबॉल खेलो ताकि शरीर मजबूत हो सके, तभी ध्यान और अध्यात्म की ओर मन एकाग्र होगा।” उन्होंने कहा कि आज के समय में यही सबसे ज्यादा ज़रूरी है कि युवा शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनें।
समारोह में उपस्थित समाजवादी कार्यकर्ताओं और युवा समर्थकों ने भी राजा यादव के प्रति सम्मान व्यक्त किया और उन्हें युवाओं के प्रेरणा स्रोत के रूप में सराहा। समाजवादी पार्टी की ओर से राजा यादव को विशेष प्रतीक चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने युवाओं को आह्वान किया कि वे अपने शरीर का ध्यान रखें, नियमित व्यायाम करें और नशे व निष्क्रियता से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
