
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान को गति देने के लिए तीन प्रकोष्ठ समन्वयकों की घोषणा की
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान को गति देने के लिए तीन प्रकोष्ठ समन्वयकों की घोषणा की
लखनऊ: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय की संस्तुति पर और संगठन सृजन अभियान को समयबद्ध ढंग से सफल बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीन प्रमुख विभागों/प्रकोष्ठों के समन्वयकों की नियुक्ति की है। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री द्वारा की गई।नवनियुक्त समन्वयकों में लखनऊ के प्रतिष्ठित केकेसी महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य एवं चर्चित शिक्षाविद प्रोफेसर विनोद चन्द्रा को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के रिसर्च एवं डेटा एनालिसिस विभाग का समन्वयक बनाया गया है। प्रो. चन्द्रा शिक्षाक्षेत्र में अपने गहरे अनुभव के साथ संगठनात्मक रणनीति के विश्लेषण में दक्ष माने जाते हैं।शिक्षक समुदाय से जुड़े युवाओं की प्रतिनिधि आवाज के रूप में, शिया महाविद्यालय लखनऊ के सहायक प्रोफेसर डॉ. अमित कुमार राय को शिक्षक प्रकोष्ठ का समन्वयक नियुक्त किया गया है। डॉ. राय लंबे समय से शैक्षिक मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और अब संगठनात्मक विस्तार में भी योगदान देंगे।वहीं, चिकित्सा क्षेत्र में एक सम्मानित नाम और सामाजिक उद्यमिता से जुड़े डॉ. आज़ाद बेग को चिकित्सा प्रकोष्ठ का समन्वयक बनाया गया है। डॉ. बेग का चिकित्सा सेवा क्षेत्र में व्यापक अनुभव और जनस्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाएगी।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नवनियुक्त समन्वयकों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई है कि वे अपने अनुभव, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता के माध्यम से प्रदेश में कांग्रेस संगठन के सर्वव्यापी और समयबद्ध गठन को गति देंगे। उन्होंने कहा कि यह नियुक्तियां प्रदेश में कांग्रेस के सांगठनिक ढांचे को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक कदम हैं।
