
वृंदावन सेक्टर-8 में सफाई में लापरवाही पर लायन एनवायर पर ₹1 लाख का जुर्माना, नगर निगम का सख्त रुख
लखनऊ: लखनऊ नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता निरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को जोन-8 स्थित वृंदावन सेक्टर-8 में सफाई व्यवस्था की हकीकत उजागर हुई। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर और अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव के पर्यवेक्षण में हुए इस औचक निरीक्षण का नेतृत्व जोनल अधिकारी अजीत कुमार राय ने किया।निरीक्षण में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि क्षेत्र में तैनात सफाई कर्मचारी नियमित रूप से कार्य नहीं कर रहे हैं। न तो सफाई पूरी तरह से की जा रही थी, न ही कर्मचारियों ने निर्धारित वर्दी पहन रखी थी। साथ ही क्षेत्र में सफेद और नीले रंग के डस्टबिनों की अनुपलब्धता के चलते कूड़ा सड़कों पर फैला हुआ मिला, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा हो रही थी।स्थानीय निवासियों ने जानकारी दी कि एक माह पूर्व भी इसी प्रकार कबाड़ जमा हो गया था, जिसे नगर निगम ने 10 ट्रकों के जरिए हटवाया था। तब संबंधित संस्था को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, परंतु बुधवार को पुनः दो ट्रक कबाड़ जमा पाया गया।क्षेत्रवासियों ने यह भी शिकायत की कि डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी एक दिन छोड़कर आती है और गीला-सूखा कूड़ा पृथक रूप से नहीं उठाया जा रहा है, जो स्वच्छता मानकों का उल्लंघन है।इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने क्षेत्र में कार्यरत संस्था लायन एनवायर लखनऊ पर ₹1,00,000 का जुर्माना लगाया है। यह दंड पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के प्रति घोर उपेक्षा के आधार पर लगाया गया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम ने अपने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने वार्डों में डोर-टू-डोर कलेक्शन, डस्टबिन की उपलब्धता और सफाई कार्य की निरंतर निगरानी करें, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।
