diwali horizontal

अखिलेश यादव का आरोप: भाजपा सरकार को असली दुश्मन नहीं दिखता, चुनाव में कर रही है बेईमानी की तैयारी

0 68

अखिलेश यादव का आरोप: भाजपा सरकार को असली दुश्मन नहीं दिखता, चुनाव में कर रही है बेईमानी की तैयारी

नई दिल्ली,लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि उसे देश का असली दुश्मन नहीं दिखाई देता। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला पाकिस्तान और उसके पीछे खड़ा चीन देश की सीमाओं, व्यापार और सुरक्षा के लिए वास्तविक खतरा हैं, लेकिन भाजपा सरकार की नजर इन पर नहीं जाती।बुधवार को संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चीन की भूमिका हाल के युद्ध में सभी के सामने आ चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हर बार युद्ध ऐसी ही परिस्थितियों में लड़ा जाएगा?
बिहार में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेसिव रिविजन (SIR) को लेकर अखिलेश यादव ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए नई-नई रणनीतियां बना रही है। आठ करोड़ वोटों की नई सूची एक से डेढ़ महीने में बनाना भाजपा की साजिश है।उन्होंने कहा कि जब भाजपा की सरकार होती है तो विपक्ष की शिकायतें नहीं सुनी जातीं। चुनाव आयोग में शिकायत देने के बावजूद डीजीपी और अन्य अधिकारियों को नहीं हटाया जाता, जबकि अन्य दलों की सरकारों में तत्काल कार्रवाई होती है। समाजवादी पार्टी ने एफिडेविट के साथ 18 हजार वोटरों के नाम हटाए जाने की शिकायत दी, लेकिन किसी रिटर्निंग ऑफिसर या बीएलओ पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।उत्तर प्रदेश में हुए उपचुनावों पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुन्दरकी और मिल्कीपुर में पुलिस ने न केवल मतदाताओं को डराया, बल्कि खुद ही वोटिंग की। उन्होंने दावा किया कि कुन्दरकी का सीसीटीवी फुटेज देखा जाए तो स्पष्ट हो जाएगा कि किस तरह से पुलिस ने चुनाव को प्रभावित किया। मीरापुर और मिल्कीपुर में भी पुलिस और प्रशासन ने मिलकर लोकतंत्र को लूटा।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने अयोध्या लोकसभा सीट उपचुनाव में हार का बदला मिल्कीपुर उपचुनाव में लेने की कोशिश की। वहां पीठासीन अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को मनमाने ढंग से तैनात किया गया और उन्हें भाजपा को जिताने का टारगेट दिया गया। समाजवादी पार्टी ने इस पर सबूतों के साथ चुनाव आयोग से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।एसआईआर (स्पेशल इंटेसिव रिविजन) प्रक्रिया का विरोध करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद वोटों में बदलाव का एक निर्धारित तरीका होता है, लेकिन भाजपा नए सिरे से वोटर लिस्ट बनाकर व्यापक फर्जीवाड़े की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में जिस तरह से वोटों में धांधली हुई, वह सबके सामने है। भाजपा के लोग बूथों पर अजीबो-गरीब मशीनें लेकर पहुंचते हैं, जिससे वोटर आईडी और आधार कार्ड बनाए जाते हैं।अखिलेश यादव के इन आरोपों ने आगामी चुनावों के मद्देनज़र राजनीतिक सरगर्मियों को और तेज कर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.