
लखनऊ में नकबजन गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार, आभूषण-नगदी व बाइक बरामद
लखनऊ: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी जोन की क्राइम टीम और थाना विभूतिखण्ड पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले शातिर नकबजन गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया है, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी 11,140 रुपये, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, एक यमाहा आर-15 मोटरसाइकिल, लोहे का सब्बल और स्क्रूड्राइवर शामिल हैं।पुलिस के अनुसार 12 अगस्त को विभूतिखण्ड निवासी शिवानी वर्मा के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी व कीमती सामान चोरी कर लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त पूर्वी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने टेक्निकल और मैनुअल इनपुट के आधार पर 17 अगस्त को पीएनबी आवासीय परिसर विशेषखण्ड के पास से तीनों आरोपितों—सतीश कश्यप, यूसुफ अंसारी और नदीम—को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपितों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने विकासनगर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह चोरी की घटना को अंजाम दिया था। बरामद सामान में वहां से चोरी किए गए चांदी के बर्तन भी शामिल हैं। पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले में नई धाराएं जोड़ीं और विभूतिखण्ड तथा विकासनगर थानों में दर्ज तीन मुकदमों का सफल अनावरण कर लिया।आरोपितों की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए पुलिस ने बताया कि ये लोग बंद मकानों और दुकानों पर नजर रखते थे। मौका मिलते ही ताला तोड़कर जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे और इन्हें राहगीरों या अन्य लोगों को बेचकर मिले पैसों से अपने नशे व शौक पूरे करते थे।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले से अपराध की दुनिया में सक्रिय हैं। सतीश कश्यप के खिलाफ इंदिरानगर, गाजीपुर और विभूतिखण्ड थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। यूसुफ अंसारी और नदीम के खिलाफ भी चोरी व अन्य अपराधों के मामले पहले से दर्ज पाए गए।पकड़े गए तीनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस की इस सफलता में क्राइम टीम और थाना विभूतिखण्ड पुलिस की अहम भूमिका रही।
