
अखिलेश यादव ने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा से भरी चुनावी हुंकार
लखनऊ: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल हुए। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ सिवान से आरा तक की यात्रा में जनता का अभिवादन किया और मतदाताओं को भाजपा की साजिशों से सतर्क रहने तथा अपने वोट के अधिकार की रक्षा करने का आह्वान किया।आरा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं बल्कि वोट और संविधान बचाने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव पर भरोसा करती है क्योंकि उनके कार्यकाल में लाखों युवाओं को रोजगार मिला था। इस बार जनता भाजपा और उसके सहयोगियों का पलायन सुनिश्चित करेगी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी।अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अवसरवादी राजनीति करती है और लोगों का इस्तेमाल कर उन्हें बर्बाद कर देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को “जुगाड़ आयोग” बना दिया है, जो निष्पक्ष चुनाव कराने की बजाय भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। बिहार में वोटरों के अधिकार को छीना जा रहा है, लेकिन जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।उन्होंने कहा कि बिहार ने पहले भी भाजपा का रथ रोका था और इस बार भी जनता वही करेगी। यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। भाजपा पहले वोट का अधिकार छीनेगी, फिर राशन और रोजगार का अधिकार भी छीन लेगी। जनता को सड़क पर लाने की साजिश रची जा रही है।अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने किसानों और युवाओं की बदहाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, नौजवानों को रोजगार नहीं मिला, महंगाई लगातार बढ़ रही है। भाजपा देश के अंदर जनता को डराती है, लेकिन आज खुद अमेरिका और ट्रंप से डरी हुई है। अमेरिका ने टैरिफ लगाकर कारोबारियों को संकट में डाल दिया है और भाजपा उस पर चुप्पी साधे हुए है।इस अवसर पर राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, भाकपा माले के नेता दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी पार्टी के अध्यक्ष मुकेश साहनी ने भी संबोधित किया। यात्रा के दौरान बिहार की जनता ने जगह-जगह अखिलेश यादव और गठबंधन के नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। किसानों, नौजवानों और महिलाओं सहित सभी वर्गों में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा गया।
