
पटना सदाकत आश्रम पर हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, नेताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर किया विरोध
पटना सदाकत आश्रम पर हमले के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, नेताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर किया विरोध
लखनऊ: 30 अगस्त। बिहार के पटना स्थित सदाकत आश्रम पर हुई घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश कार्यालय लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर रामधुन गाई और भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा से घबराई भाजपा जनता का ध्यान वोट चोरी के मुद्दे से हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सदाकत आश्रम पर गुंडों के माध्यम से हमला करवाकर लोकतंत्र और वोटर अधिकार का अपमान किया। राय ने कहा कि “हम गांधीवादी तरीके से ही अपना विरोध दर्ज करेंगे और कभी झुकेंगे नहीं।”विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी.एल. पुनिया, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक अखिलेश प्रताप सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बब्लू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, डॉ. शहजाद आलम, द्विजेन्द्र त्रिपाठी, वीरेंद्र मदान, शिव बहादुर सिंह चौहान, बिजेंद्र सिंह, आर.पी. सिंह, संजय शर्मा, राकेश चौधरी सहित दर्जनों नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारे लगाकर भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं पर लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि भाजपा अपने असफल प्रयासों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे।
