
महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, चीन से सावधान रहने की चेतावनी
महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी को लेकर अखिलेश यादव का भाजपा सरकार पर हमला, चीन से सावधान रहने की चेतावनी
कन्नौज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कन्नौज में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और जीएसटी को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जनता में भाजपा सरकार से भारी नाराजगी है, क्योंकि सरकार ने आम आदमी की मूलभूत आवश्यकताओं को बर्बाद कर दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आमजन परेशान है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएँ महंगी हो गई हैं। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ। बिजली महंगी मिल रही है, जिससे गरीब, किसान और मध्यम वर्ग पर बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लंबे समय से दोषपूर्ण जीएसटी और भारी टैक्स का मुद्दा उठा रही है। जीएसटी के कारण व्यापार और व्यापारियों की स्थिति खराब हुई है। सरकार ने अपनी खामियों को स्वीकार तो किया है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं किया कि जीएसटी लागू करने का फैसला किन सलाहों के आधार पर लिया गया था।अखिलेश यादव ने भाजपा पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि महंगाई ने आम नागरिकों का जीना मुश्किल कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से गरीबों और किसानों की हालत खराब हुई है।विदेश नीति को लेकर भी उन्होंने भाजपा सरकार की नाकामी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चीन भरोसे लायक नहीं है। चीन ने भारत को कई बार धोखा दिया है और सीमाओं पर कब्जा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी चीन ने पाकिस्तान की मदद की। चीन भारत की जमीन और व्यापार पर नज़र रखे हुए है, लेकिन भाजपा सरकार उसी चीन से व्यापार बढ़ाने पर जोर दे रही है। उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि चीन से सतर्क रहना चाहिए।चुनाव प्रक्रिया पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने वोट चोरी की आशंका जताई और कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से अपील की कि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए ताकि चुनाव निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सकें।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को जनता से किए गए वादों पर जवाबदेह ठहराते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आमजन की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
