diwali horizontal

भर्ती घोटालों पर आम आदमी पार्टी का हमला, योग्यता की हत्या और आरक्षण की अनदेखी का आरोप

0 59

भर्ती घोटालों पर आम आदमी पार्टी का हमला, योग्यता की हत्या और आरक्षण की अनदेखी का आरोप

लखनऊ:आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी दिलीप पाण्डेय ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में योगी सरकार को भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार के लिए कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक के बाद एक भर्ती घोटालों ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीब नौजवानों के हितों के खिलाफ काम कर रही है।पाण्डेय ने कहा कि 2022 से अब तक स्वास्थ्य विभाग से लेकर विधानसभा तक भर्तियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आई हैं। हाल ही में उजागर हुए क्लोन आईडी स्कैम में एक ही व्यक्ति ने अलग-अलग जिलों में अलग नामों से नौकरियां हासिल कीं। विधानसभा और विधान परिषद की भर्तियों में भी 20 प्रतिशत नियुक्तियां अधिकारियों और नेताओं के रिश्तेदारों को देने का मामला सामने आया, जिसे हाईकोर्ट ने ‘रिक्रूटमेंट स्कैम’ करार देते हुए सरकार को फटकार लगाई। अब यह मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।आरक्षण नियमों की अनदेखी का जिक्र करते हुए आप नेता ने कहा कि लखीमपुर कोऑपरेटिव सोसाइटी में 27 पदों पर 15 ठाकुर और 4 ब्राह्मण नियुक्त किए गए, जबकि ओबीसी और एससी-एसटी के लिए आरक्षित सीटें खाली छोड़ दी गईं। क्लर्क की 17 पोस्ट पर एक भी एससी-एसटी उम्मीदवार को मौका नहीं दिया गया। इसी तरह बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की भर्तियों में जातिगत पक्षपात साफ दिखा।उन्होंने आरोप लगाया कि कई नियुक्तियां सीधे भाजपा नेताओं और मंत्रियों के रिश्तेदारों की हुईं। उदाहरण के तौर पर, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा की नातिन अंशिका गर्ग, केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी की बेटी रश्मि मिश्रा और ‘संस्कृति सिंह’ को नियम तोड़कर नौकरी दी गई और प्रमोशन तक दे दिया गया। पाण्डेय का कहना था कि भाजपा नेताओं, अधिकारियों और परीक्षा आयोजित करने वाले संस्थानों का गठजोड़ युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट की सख्त टिप्पणियों के बावजूद सरकार पर कोई असर नहीं पड़ा। “सरकार ने आंख और कान बंद कर लिए हैं, जबकि जनता न्याय के लिए अदालतों के चक्कर काट रही है,” पाण्डेय ने आरोप लगाया।कुल मिलाकर, आप नेता ने कहा कि योगी सरकार में भर्ती प्रक्रिया का मतलब रह गया है—योग्यता की हत्या, आरक्षण की धज्जियां और सत्ता पक्ष के रिश्तेदारों को सीधा फायदा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.