diwali horizontal

कार्तिक पूर्णिमा मेले के अंतिम चरण में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सरयू तट पर लगा आस्था का मेला!

अयोध्या LIVE 05/11/25

0 61

कार्तिक पूर्णिमा मेले के अंतिम चरण में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सरयू तट पर लगा आस्था का मेला!

(सिटीजन वॉयस: अयोध्या संवाददाता : जे पी गुप्ता)

अयोध्या:  कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को सरयू तट पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मेले के अंतिम चरण में ब्रह्म मुहूर्त से ही लाखों श्रद्धालु सरयू नदी के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे। इस बार श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन के कारण पिछले वर्षों की अपेक्षा कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर स्नान और पूजन का पुण्य लाभ लिया।

सरयू स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने शहर के प्रमुख मंदिरों  नागेश्वरनाथ, कनक भवन, हनुमानगढ़ी और रामजन्मभूमि परिसर में दर्शन कर भगवान श्रीराम, माता जानकी और बजरंगबली की आराधना की। पूरा नगर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।
स्नान से मिलता है जन्म-जन्मांतर के पापों से मुक्ति

महापौर एवं तिवारी मंदिर के महंत महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि “कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू में स्नान करने से जन्म-जन्मांतर के पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।” उन्होंने इसे अयोध्या की आध्यात्मिक परंपरा का सबसे पावन पर्व बताया।

वहीं जगतगुरु रामदिनेशाचार्य जी महाराज ने कहा कि अयोध्या न केवल भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, बल्कि यह समस्त धर्मों की साधना स्थली भी है। यहां के मंदिर और आश्रम आस्था के केंद्र हैं, जहां वर्षभर धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा का पूरा माह पवित्र माना जाता है और इसी दिन कल्पवास का समापन होता है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था चुस्त
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। सरयू घाटों से लेकर प्रमुख मार्गों तक सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था रही। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में पुलिस बल, पीएसी और ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात रहे। घाटों पर महिलाओं और बुजुर्गों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई। उच्चाधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।

महापौर पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप, श्री आदित्यनाथ गौ सेवा समिति के संरक्षक राजेश सिंह मानव ने की कड़ी आलोचना

अयोध्या:  श्री आदित्यनाथ गौ सेवा समिति के संरक्षक एवं समाजसेवी राजेश सिंह मानव ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने कहा कि आज धर्मनगरी अयोध्या में सत्ता के मद में चूर कुछ नेता भाजपा की मूल भावना और मर्यादा को कलंकित करने का प्रयास कर रहे हैं।राजेश सिंह मानव ने कहा कि कांग्रेस और बसपा से आए कुछ नेता भाजपा में आकर सत्ता और पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। उनका आचरण न केवल धर्मविरोधी है बल्कि संविधान और पार्टी की मूल नीति के भी विपरीत है। ऐसे लोग पार्टी को भीतर से कमजोर करने का षड्यंत्र रच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि

अयोध्या नगर निगम के महापौर एवं महंत गिरीशपति त्रिपाठी के आवास पर आमजन हित से जुड़ी एक मांग मंदिर परिसर में हैंडपंप और सोलर लाइट की स्थापना  लेकर पहुंचे थे। किंतु वहां उनके साथ अमर्यादित और अपमानजनक व्यवहार किया गयामानव ने कहा जैसे ही महापौर ने मेरा नाम देखा, वे भड़क उठे और बोले तुम ही हो राजेश सिंह जो नगर निगम के भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हो। अगर प्रमाण हैं तो दो अफवाह मत फैलाओ।उन्होंने बताया कि उन्होंने महापौर को नगर निगम में व्याप्त अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से संबंधित दस्तावेजों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि नगर निगम के कुछ अधिकारियों सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडेय, जेई अन्नू जायसवाल, जेई शशिकला चौधरी, सफाई निरीक्षक विजेंद्र वर्मा आदि द्वारा भ्रष्टाचार और स्थानांतरण नीति की धज्जियाँ उड़ाने की पोल खोलना है।

मानव ने कहा कि जब उन्होंने ये तथ्य रखे, तो महापौर का रवैया और भी कठोर हो गया और उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि शिकायतें जारी रहीं तो कोई कार्य नहीं किया जाएगा। इस पर मानव ने जवाब दिया, काम मत कीजिए, लेकिन हम अन्याय और भ्रष्टाचार को कभी सहन नहीं करेंगे।
भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रभु श्रीराम ने अपनी प्रजा और धर्म की रक्षा हेतु अपने व्यक्तिगत सुख का त्याग किया, उसी अयोध्या में आज जनता का प्रतिनिधि अपनी ही जनता के साथ ऐसा व्यवहार करे, यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है।जनता से आह्वान राजेश सिंह मानव ने अयोध्या की जनता से अपील की कि भ्रष्टाचार और अहंकार में डूबे ऐसे जनप्रतिनिधियों का खुलकर विरोध करें। उन्होंने कहा चुप्पी अन्याय को बढ़ाती है। अयोध्या की जनता रामभक्त है, वह कभी भी अन्याय के आगे झुकने वाली नहीं।

तीन दिवसीय मैहर महोत्सव का भव्य शुभारंभ आज से; अयोध्या की धरती पर सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का संगम

अयोध्या: अयोध्या की पावन भूमि एक बार फिर संस्कृति, समाज और श्रद्धा के रंगों से सराबोर होने जा रही है। मलावन की बगिया, मैहर कबीरपुर हैदरगंज, अयोध्या में आज से शुरू हो रहे तीन दिवसीय मैहर महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। इस आयोजन का उद्घाटन अपना दल (एस) के नेता एवं प्रमुख समाजसेवी प्रमोद सिंह द्वारा किया जाएगा। यह महोत्सव स्वर्गीय श्री पृथ्वी सिंह (प्रमोद सिंह के पिता) की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में समर्पित है।
महोत्सव के प्रथम दिन की थीम नारी शक्ति वंदन एवं अभिनंदन रहेगी। इस अवसर पर लगभग 21,000 महिलाएं सामूहिक रूप से दुखदुरिया देवी की पूजा-अर्चना करेंगी।

इस दिन का उद्देश्य नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता देना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रेरणादायी सत्रों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोहों का भी आयोजन होगा, जिनमें क्षेत्र की उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसमें ईरान, भूटान, नेपाल सहित कई देशों के नामचीन पहलवान अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे।देश के शीर्ष पहलवानों के साथ-साथ स्थानीय युवा पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन अयोध्या को न केवल सांस्कृतिक, बल्कि वैश्विक खेल मंच पर भी नई पहचान दिलाएगा।

ग्रामर्षि एकेडमी में विज्ञान क्विज से छात्रों में वैज्ञानिक रुचि का संचार!

गोसाईगंज -अयोध्या: गोसाईगंज स्थित ग्रामर्षि एकेडमी इंटरनेशनल, गद्दोपुर में  कक्षा 9 के छात्रों के लिए एक इंटर-क्लास विज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य छात्रों के शैक्षिक विकास, विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना और नवाचार को बढ़ावा देना था। बच्चों ने इस प्रतियोगिता में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और विज्ञान विषय से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रबंधक डॉ० अंजू पांडे ने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर की।
विजेताओं की सूची:
प्रथम स्थान: आयुष मिश्रा (इन्हें साइकिल प्रदान की गई।)
द्वितीय स्थान: अनमोल मिश्रा (इन्हें डिनर सेट से सम्मानित किया गया।)
तृतीय स्थान (संयुक्त रूप से): अर्चिता पटेल और गुनगुन गौर (इन्हें टिफिन सेट प्रदान किया गया।)
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही दस अन्य विद्यार्थियों को भी डॉ० अंजू पांडेय द्वारा सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रबंधक का वक्तव्यपुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए प्रबंधक डॉ० अंजू पांडे ने कहा कि “ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ विज्ञान के प्रति गहरी रुचि भी पैदा करती हैं। इस तरह के आयोजन से बच्चों में विज्ञान के प्रति कलात्मक और रचनात्मक वृद्धि होती है, जो उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।”

स्कूल के विज्ञान विषय से संबंधित अध्यापकों ने भी इस अवसर पर बच्चों को विज्ञान दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस सफल आयोजन में प्रधानाचार्य रणविजय शर्मा, मीडिया प्रभारी रवि सिंह, मनीष तिवारी, विजय लक्ष्मी गुप्ता, संतोष कौशल सहित अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

अयोध्या खोजी पत्रकारिता को नई धार ;प्रोफेसर बृजेश कुमार सिंह का हुआ सम्मान!

अयोध्या:  निष्पक्ष, निर्भीक और खोजी पत्रकारिता की मिसाल बन चुके वरिष्ठ पत्रकार प्रोफेसर बृजेश कुमार सिंह को बुधवार को अयोध्या पत्रकार महासंघ की ओर से सम्मानित किया गया। अपने धारदार सवालों और सच के प्रति अडिग रुख के लिए प्रसिद्ध प्रो. सिंह ने अयोध्या में पत्रकारिता को नई दिशा दी है।
सर्किट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह में पत्रकारों ने उन्हें जनता की आवाज और पत्रकार हितों के प्रहरी के रूप में सराहा। वक्ताओं ने कहा कि प्रोफेसर सिंह ने सत्ता और प्रशासन के सामने जनता के मुद्दों को निर्भीकता से उठाकर खोजी पत्रकारिता को नई धार दी है।

सम्मान ग्रहण करते हुए प्रो. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि वे पत्रकारिता के मूल धर्म सच के साथ रहकर जनता के हक की लड़ाई को आगे भी पूरी निष्ठा से निभाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य समाज को जागरूक करना और जन सरोकारों की आवाज को बुलंद करना है।समाजसेवी राजेश सिंह मानव ने कहा कि प्रो. सिंह की पत्रकारिता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनका कार्य समाज में सच की आवाज को मजबूत करता रहेगा।
इस अवसर पर आकाश सोनी, समीर शाही, प्रशांत शुक्ला, सुबोध श्रीवास्तव, राजेंद्र कुमार दूबे, गुलज़ार खान, धर्मेंद्र चौरसिया, सोनू चौधरी, करन प्रजापति, अरविंद यादव, रवि मौर्या, रविकांत आर्य, महेंद्र, नरेंद्र मिश्रा, महेश शंकर, राकेश तिवारी, गणेश शुक्ला सहित दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे।

9 नवंबर को है, राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा,; 6 नवंबर को मॉक टेस्ट

अयोध्या: शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को ₹1000 प्रति माह की दर से कुल 4 वर्षों तक 48000 बच्चों की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति के रूप में प्राप्त होती है। इस वर्ष जनपद से 3790 आवेदन हुए हैं। परीक्षा का अभ्यास/ मॉक टेस्ट 6 नवंबर को जनपद के समस्त उच्च प्राथमिक/ संविलियन विद्यालय में होना है। आवेदन किए हुए समस्त छात्र-छात्राओं को जनपद स्तर से प्रश्न पत्र और ओएमआर प्राप्त कराएं जा रहे हैं, जिससे छात्र- छात्राएं 9 नवंबर की मुख्य परीक्षा के लिए बेहतर तैयारी एवं अभ्यास कर सकेI

जनपद के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद्र ने बताया कि उक्त मॉक टेस्ट 6 नवंबर को एवं 9 नवंबर को होने वाली मुख्य परीक्षा में समस्त छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करें। जनपद में उक्त छात्रवृत्ति के लिए 208 सीटें आवंटित की गई हैं l उक्त परीक्षा से छात्रों में प्रतियोगिता की भावना का विकास एवं आगामी प्रतियोगिता की परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी के लिए मार्ग प्रशस्त होगा I जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद्र ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं प्रदान की हैं l

स्पर्धा 2025 खेल महोत्सव का कर्मा देवी ग्रुप में भव्य शुभारंभ

अयोध्या: कर्मा देवी ग्रुप, संसारपुर बस्ती के तत्वावधान में बुधवार को पाँच दिवसीय खेल महोत्सव स्पर्धा 2025 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन 5 नवम्बर से 9 नवम्बर 2025 तक चलेगा। महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ प्रातः 10 बजे किया गया, जिसमें डीन अकादमिक आदित्य विक्रम सिंह, रघुनाथ पाल, रचना सिन्हा, रफी अहमद, वीर प्रताप सिंह, मुकेश मिश्रा, अज़रा सिद्दीकी, उमेश वर्मा सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।पाँच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में क्रिकेट, दौड़ प्रतियोगिता, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, लांग जंप और रस्साकशी जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

कर्मा देवी ग्रुप की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती अंशु सिंह गौतम ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में ऊर्जा, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्र-छात्राओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहयोग की भावना भी प्रबल होती है।

समापन समारोह 9 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। संस्थान ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करें और इस आयोजन को सफल बनाएं।

जिला चिकित्सालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर हमला, कर्मचारियों में आक्रोश; दलालों का अड्डा बना जिला चिकित्सालय!

अयोध्या:  जिला चिकित्सालय के आपातकालीन (इमरजेंसी) ओपीडी परिसर में बीती रात एक गंभीर घटना सामने आई, जब वहां तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आकाश पर कुछ तथाकथित दलालों ने हमला कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, किसी मामूली बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इमरजेंसी परिसर में मौजूद आमिर खान, जो पहले भी विवादों में रह चुका है, ने अपने भाई और एक एम्बुलेंस संचालक के साथ मिलकर कर्मचारी आकाश की पिटाई कर दी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारी को तुरंत उपचार के लिए भर्ती कराया गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारी संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों पर रोक लगाने में प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हुआ है।कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

सीएचसी तारुन में जन औषधि केंद्र का उद्घाटन!

अयोध्या: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तारुन परिसर में बुधवार दोपहर लगभग 1 बजे गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने फीता काटकर जन औषधि केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधीक्षक एवं कर्मचारियों ने विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

विधायक अभय सिंह ने बताया कि जन औषधि केंद्र से मरीजों को बाज़ार भाव से लगभग 70% तक सस्ती दवाइयाँ उपलब्ध होंगी। उद्घाटन के दौरान नीरज सिंह, विवेक तिवारी, डॉ. नन्हकूराम, फार्मासिस्ट सी.पी. वर्मा, आर.के. वर्मा सहित दर्जनों क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।

अयोध्या में ‘आइए गंगा संग बनाए नदियों का त्योहार’ कार्यक्रम संपन्न!

अयोध्या:  नमामि गंगे के तहत बुधवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में “आस्था और एकात्मकता का सार आइए गंगा संग बनाए नदियों का त्योहार” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता  सचिव, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण विभाग, भारत सरकार श्री वी.एल. कांथा राव ने की।

इस अवसर पर आयुक्त अयोध्या मंडल  राजेश कुमार, कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह, उप महानिदेशक राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी)  नलिन कुमार श्रीवास्तव, निदेशक राज्य स्वच्छ गंगा मिशन (एसएमसीजी) उत्तर प्रदेश  धीरज जोशी, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी  कृष्ण कुमार सिंह तथा प्रभागीय वनाधिकारी  प्रखर गुप्ता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

मेले पर विशेष : अमौनी के मौनी ने बदली थी गोमती नदी की धारा;प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला अमौनी के मेले में पांच जनपदों से आते है मेलार्थी

अयोध्या: नौ नवमी एक अमौनी” इसी कहावत व बाबा संतोष भारती के जयकारे के बीच आदि गंगा के तट पर स्थिति अमौनी मठ पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान बुधवार की भोर चार बजे से शुरू हो गया।मान्यता है कि यहां इस दिन एक बार स्नान करना नौ नवमी स्नान के बराबर फल मिलता है।दो ह्रदय के मिलन का वह मेला जहां पर नदियां भी अपने आप को एक दूसरे से मिलने से नही रोक पाई।ऐसे संगम तट पर भला कौन नही जाना चाहेगा।जी हां हम बात कर रहे है मवई ब्लाक के अमौनी गांव में प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा को लगने वाले विशाल मेले की ।जहाँ मठ के समीप ही बह रही आदि गंगा की अविरल व कल्याणी नदी की निर्मल धारा का मिलन हुआ है।ऐसी मान्यता है कि लगभग 450 वर्ष पूर्व पूरब की ओर बह रही नदी की धारा को तत्कालीन मन्दिर के महंत सन्तोष भारती ने बदल दी और पूरब के बजाय पश्चिम दिशा की ओर बहने लगी ।

मन्दिर के महंत सत्य भारती जी बताते है कि उस समय महंत सन्तोष भारती अमौनी के करीब गोमती नदी के किनारे बसे गांव सिंगागढ़ गांव में रहते थे।जब उनकी आयु अधिक हो गई तो नदी को पार करने में दिक्कत महसूस करने लगे तो उन्होंने नदी की धारा ही बदल दी और पूरब दिशा को बहने वाली नदी पश्चिम दिशा में बहने लगी।अमौनी मठ पर ही सन्तोष भारती की समाधि है।मठ पर भगवान शंकर की मूर्ति स्थापित है जहां श्रद्धालु प्रत्येक दिन सैकड़ो की संख्या में पहुँचकर फेरी लगाते है और मन्नते मांगते है।प्रत्येक वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले विशाल मेले में जानकारी देते हुए मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव  तिवारी ने बताया इस मेले में जनपद ही नही बाराबंकी , अमेठी , रायबरेली ,सुल्तानपुर ,आदि जिलों के हजारों संख्या में श्रद्धालु आते है।इन्होंने बताया कि यहां मन्नते मागने वाले श्रद्धालुओं की इच्छा बाबा जरूर पूरी करते है।

दर्जनों सगाई के रस्मो की गवाह भी बनता है मेला!

अयोध्या:अमौनी में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले का महत्व यूं ही नहीं है। यहां लगने वाला मेला प्रत्येक साल दर्जनों जोड़ों के परिणय सूत्र मे बंधने का गवाह भी बनता है। वर व वधू देखाई की अनौपचारिक रस्म पहली बार यहीं पूरी होती है। इसके बाद शादियां तय होती है। यहां के मेले में इलाके के ही नहीं बल्कि आसपास जिलों के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। हर घर में मेहमानों का डेरा होता है। तपोस्थली अमौनी में ही कल्याणी व गोमती का मिलन हुआ है। इसलिए यहां पर सगाई की रस्म को वरीयता दी जाती है। मान्यता हैं कि यहां पर सगाई करने से दाम्पत्य जीवन सुखमय होता है।

अंग्रेजो की पुस्तकों में भी है मेले का जिक्र

मवई के अमौनी मेले का जिक्र अंग्रेजो की पुस्तकों में भी मिलता है।यूपी0 उर्दू काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा प्रकाशित मुशीरुलहसन द्वारा लिखित कालोनियन अवध के कस्बात नामक पुस्तक के पेज न0 सात पर अमौनी मेले का जिक्र है।इसमें लिखा है कि जिला सांख्यकी आंकड़ा 1895 में अमौनी मेले में करीब तीन हजार लोग एकत्र होते थे।जो अब लगभग एक लाख को पार कर गई।अमौनी मेले के महत्व को बताते हुए वरिष्ठ साहित्यकार डा0 अनवर हुसैन कहते है वाकई में अमौनी मेले लोगों के आस्था का केंद्र है।यहां की सुप्रसिद्ध मिठाई गट्टा गैरसमुदाय के लोग विदेशों तक पहुंचाते है।इन्होंने बताया कि मरूदल हक ने अंग्रेजो की पुस्तक का उर्दू रूपांतरण किया है।जिसमें इस मेले का जिक्र मिलता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.