diwali horizontal

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला युवक गिरफ्तार, महिला से पैसे और गहने भी हड़पे

0 97

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला युवक गिरफ्तार, महिला से पैसे और गहने भी हड़पे

लखनऊ: गोमतीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, पहचान छिपाकर धोखा देने और विश्वास में लेकर नगदी व आभूषण हड़पने के मामले में लखनऊ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ थाना गोमतीनगर में गंभीर आरोपों के साथ शिकायत दर्ज कराई।पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने पहले खुद को अविवाहित बताते हुए उससे प्रेम संबंध बनाए और फिर शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने उससे कर्ज के नाम पर नगदी और ज्वैलरी भी ले ली। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाई और जब पीड़िता ने पैसे और गहने वापस मांगे, तो उसे गाली-गलौज, मारपीट और धमकी का सामना करना पड़ा। पीड़िता ने जब सारी हकीकत समझी, तो उसने गोमतीनगर थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 69, 115(2), 352, 351(2), 316(2), 318(4) और 319(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक गुरुप्रीत कौर को सौंपी गई। मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गोमतीनगर विस्तार स्थित ग्वारी चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार युवक की पहचान सिद्धार्थ सिंह उर्फ आकाश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय अशोक गुप्ता, निवासी फ्लैट नंबर 902, सी-2, एमआई रसल कोर्ट, गोमतीनगर विस्तार, लखनऊ के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग मोबाइल फोन, पीली धातु की अंगूठी, टाईटन कंपनी की घड़ी और एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड बरामद किया।गिरफ्तारी के समय सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन करते हुए कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया चल रही है।
इस पूरी कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक गुरुप्रीत कौर के साथ उपनिरीक्षक दीपक कुमार और कांस्टेबल बंटी कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में कठोरता से कार्रवाई की जाएगी ताकि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.