
नगर निगम कर्मचारियों की मांगों पर सक्रिय हुआ प्रशासन
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ के कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए निगम प्रशासन ने सकारात्मक पहल की है। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर बुधवार को अपर नगर आयुक्त नम्रता सिंह की अध्यक्षता में समिति कक्ष में नगर निगम से जुड़े तीन प्रमुख कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक आयोजित की गई।इस बैठक में नगर निगम जलकल कर्मचारी संघ लखनऊ, नगर निगम कर्मचारी संघ लखनऊ और उत्तर प्रदेश नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष, महामंत्री और उपाध्यक्ष स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान संगठनों द्वारा पूर्व में सौंपे गए मांग पत्रों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनमें कर्मचारियों की सेवा शर्तों, कार्य-स्थितियों और सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख थे।अपर नगर आयुक्त ने सभी संगठनों की बातों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे कार्यक्षमता और सेवा व्यवस्था और बेहतर हो सके।नगर निगम प्रशासन का मानना है कि शहर की स्वच्छता, जलापूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं में कर्मचारियों की अहम भूमिका है। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। बैठक के अंत में यह आश्वासन दिया गया कि तीनों संगठनों के मांग पत्रों का परीक्षण कर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। साथ ही भविष्य में भी प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच नियमित संवाद बनाए रखने पर सहमति बनी, ताकि शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
