
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लगाया जेपीएन इंटरनेशनल सेंटर बेचने का आरोप
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सोची-समझी रणनीति के तहत जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को बेचने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि जेपी समाजवादी आंदोलन के महान नेता थे और समाजवादी सरकार में उनके नाम पर विश्वस्तरीय इंटरनेशनल सेंटर बनाया गया था, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही झूठे आरोप लगाकर इसे बर्बाद कर दिया।प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि जेपीएनआईसी की स्थापना समाजवादी सरकार के समय हुई थी, और वे खुद इसके संस्थापक सदस्य हैं। भाजपा सरकार ने पहले सोसायटी को भंग कर दिया और इसके बाद केंद्र का अधिकार एलडीए को सौंप दिया, जिससे इसे बेचने का रास्ता साफ हो गया।उन्होंने बताया कि जब जेपी ने इस बिल्डिंग का शिलान्यास किया था, तब देश भर के कई बड़े समाजवादी नेता मौजूद थे। यह केंद्र अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेनिस कोर्ट, स्विमिंग पूल, सेमिनार हॉल, पार्किंग, कैफेटेरिया जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस था। लेकिन भाजपा सरकार ने नौ वर्षों में इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस केंद्र को और अधिक क्षतिग्रस्त नहीं होने देना चाहती। अगर सरकार इसे बेचने पर तुली है तो पार्टी जनता से चंदा इकट्ठा करके इसे खरीदने को तैयार है।उन्होंने आगे कहा कि जयप्रकाश नारायण ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ सम्पूर्ण क्रांति का विशाल आंदोलन चलाया था, जिसने नई पार्टी के गठन और दिल्ली में सरकार बदलने का मार्ग प्रशस्त किया। अब जिन लोगों ने जेपीएनआईसी को बर्बाद किया है, वे बिहार में किस मुंह से वोट मांगेंगे, यह बड़ा सवाल है।अखिलेश यादव के इस बयान ने भाजपा सरकार की नीतियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं और जेपीएनआईसी के भविष्य को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।
