diwali horizontal

बरेली: आंवला में दिव्यांग युवक से मारपीट, जातिसूचक गाली और धमकी का आरोप, कथित भाजपा पदाधिकारी पर गंभीर आरोप

0 101

बरेली: आंवला में दिव्यांग युवक से मारपीट, जातिसूचक गाली और धमकी का आरोप, कथित भाजपा पदाधिकारी पर गंभीर आरोप

आंवला (बरेली): बरेली जनपद के आंवला तहसील क्षेत्र में दबंगई का एक गंभीर मामला सामने आया है। मुंसिफ कोर्ट के पास एक कथित भाजपा पदाधिकारी पर एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट, उसकी शारीरिक विकलांगता का मजाक उड़ाने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक ने थाना आंवला में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला

सिद्धार्थपुरम कॉलोनी निवासी पीड़ित युवक ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 दिसंबर को वह अपने मित्र अमित शर्मा के साथ तहसील जा रहा था। इसी दौरान मुंसिफ कोर्ट के पास पान सिंह लोधी और उसकी पत्नी ने उसकी स्कूटी रोक ली।

पीड़ित का आरोप है कि पान सिंह लोधी ने स्वयं को भाजपा का बड़ा पदाधिकारी बताते हुए उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। युवक के अनुसार, आरोपी ने उसकी दिव्यांगता पर तंज कसते हुए कहा कि वह पहले से एक टांग से लंगड़ा है और उसकी दूसरी टांग भी तोड़ देने की धमकी दी।

जातिसूचक गालियों और धमकी का आरोप

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने युवक को सरेआम जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने उसके मित्र के साथ रहने पर भी आपत्ति जताई और भविष्य में जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया।

अवैध खनन से जुड़े होने का दावा

पीड़ित युवक ने यह भी दावा किया है कि आरोपी अवैध खनन के कारोबार से जुड़ा हुआ है और पूर्व में उसकी कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खनन के मामलों में पकड़ी जा चुकी हैं।

पुलिस कर रही है जांच

पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.