
आम्रपाली एक्सप्रेस में ₹1.50 करोड़ की चरस पकड़ी:लखनऊ में 2 तस्कर गिरफ्तार,
LUCKNOW CRIME LIVE: लखनऊ में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की टीम ने आम्रपाली एक्सप्रेस से करीब 1.5 करोड़ रुपए कीमत की चरस बरामद की है। ट्रेन की चेकिंग पर अलीगढ़ के दो तस्कर गिरफ्तार हुए हैं। इनके पास से पैकेट में कुल 3 किलो चरस मिली है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत चलाए जा रहे अभियान में ऐशबाग स्टेशन से चलने वाली आम्रपाली एक्सप्रेस के S-6 कोच में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
तलाशी के बाद मिली बड़ी खेप
टीम ने बताया कि ट्रेन अमौसी स्टेशन पहुंची तो दोनों को नीचे उतारकर उनके बैग की तलाशी ली गई। जांच में 6 पैकेट मिले, जिनमें कुल 3 किलो चरस थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश शर्मा (57) निवासी लोधी नगर, अलीगढ़ और महेंद्र सिंह (54) निवासी शास्त्रीनगर, अलीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों सामान्य टिकट पर यात्रा कर रहे थे।
नेपाल से लाकर अलीगढ़ में खपाने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नेपाल से आए महेश नामक व्यक्ति ने उन्हें बढ़नी रेलवे स्टेशन के पास खेतों में चरस की खेप सौंपी थी। इसके बाद ये लोग इसे अलीगढ़ ले जाकर फुटकर बिक्री करने वाले थे। इस मामले में NCB लखनऊ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C)/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया