
आरक्षी की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर लगाई फांसी, ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
आरक्षी की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर लगाई फांसी, ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ: राजधानी के बीकेटी क्षेत्र अंतर्गत मामपुर बाना में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां बीकेटी थाने में ईगल मोबाइल ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अनुराग सिंह की पत्नी सौम्या कश्यप ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड कर खुदकुशी कर ली। मृतका ने अपने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और पति की दूसरी शादी कराए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।घटना की जानकारी तब हुई जब सोशल मीडिया पर सौम्या कश्यप द्वारा एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उसने अपने ससुरालवालों पर मानसिक प्रताड़ना देने, जेठ द्वारा धमकाए जाने और पति अनुराग सिंह पर दूसरी शादी कराए जाने का आरोप लगाया। वीडियो में सौम्या ने यह भी कहा कि उसे न्याय नहीं मिल रहा और वह मानसिक रूप से टूट चुकी है। इसके तुरंत बाद उसने घर में लगे छत के पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।मौके पर बीकेटी थाने की पुलिस टीम पहुंची और आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रारंभ की। मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा बताया गया कि सौम्या अपने पति अनुराग सिंह के साथ आरक्षी के किराये के मकान में मामपुर बाना क्षेत्र में निवास कर रही थी।घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है, जो जनपद मैनपुरी से लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने बताया कि अभी तक परिजनों से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है।इस दर्दनाक घटना ने पुलिस महकमे को भी झकझोर दिया है, क्योंकि आरोप एक वर्दीधारी के खिलाफ हैं और मृतका ने सार्वजनिक रूप से अपने आरोप दर्ज कर आत्मघाती कदम उठाया है।प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
