diwali horizontal

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने लिया तैयारियों का जायज़ा, तटबंध को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

0 92

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने लिया तैयारियों का जायज़ा, तटबंध को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

मऊ,लखनऊ: प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने मंगलवार को मऊ जनपद के बाढ़ संभावित और संवेदनशील क्षेत्रों—परसिया, हा हा नाला और धरमपुर बिन्दटोलिया—का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रशासन की तैयारियों और लोगों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायज़ा लिया।मंत्री शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के इस संकट काल में सरकार जनता के साथ खड़ी है और हर संभव मदद के लिए पूरी तरह तत्पर और सजग है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलस्तर में किसी भी प्रकार की वृद्धि की स्थिति में तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं। राहत और बचाव दल पूरी तरह मुस्तैद रहें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में 24×7 निगरानी सुनिश्चित की जाए।विशेष रूप से बिन्दटोलिया क्षेत्र में हो रही कटान को लेकर मंत्री ने गहरी चिंता जताई और मौके पर ही सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को तटबंध को पत्थरों से सुदृढ़ करने का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। तटवर्ती ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि वर्ष 2021 की बाढ़ के दौरान उन्होंने इस क्षेत्र का निरीक्षण किया था और उनके निर्देश पर तटबंध पर पत्थरों की ठोकर लगाई गई थी, जिससे इस बार काफी राहत मिली है। ग्रामीणों ने इस ठोकर को और आगे बढ़ाने का अनुरोध किया, जिसे मंत्री ने सहर्ष स्वीकार करते हुए जनता को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।निरीक्षण के दौरान मंत्री शर्मा सीधे बस्तियों में पहुंचे, आम नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में तत्काल राहत कैंप लगाए जाएं और सभी शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि राहत सामग्री, दवाएं, बिजली, पानी, शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएंगी।इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, नगर निकाय और सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.