diwali horizontal

समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लखनऊ नगर निगम का समाधान दिवस, कर और जलकल से जुड़ी शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण

0 80

समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लखनऊ नगर निगम का समाधान दिवस, कर और जलकल से जुड़ी शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण

लखनऊ: नगर निगम लखनऊ द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से हर माह आयोजित किए जाने वाले संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शुक्रवार, 4 जुलाई 2025 को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग स्थित त्रिलोकनाथ सभागार में किया गया।सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस शिविर में नागरिकों की ओर से कुल 82 कर संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 80 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। इसके अतिरिक्त जलकल विभाग से जुड़ी 24 शिकायतें भी दर्ज की गईं, जो मुख्यतः सीवर और जलापूर्ति से संबंधित थीं। सफाई, अतिक्रमण और मार्ग प्रकाश जैसी अन्य सेवाओं से जुड़ी भी 10 से अधिक शिकायतें सामने आईं, जिन पर नगर निगम की ओर से गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की गई।समाधान दिवस के आयोजन में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, नम्रता सिंह, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ टैक्स असेस्मेंट ऑफिसर अशोक सिंह समेत सभी ज़ोनल अधिकारी और संबंधित विभागों के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और शिकायतकर्ताओं की बात सुनी।जोनवार प्राप्त शिकायतों की बात करें तो जोन-1 और जोन-7 से सबसे अधिक कर संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। वहीं जोन-4 से किसी प्रकार की कोई शिकायत सामने नहीं आई। विभिन्न ज़ोन से कर, अतिक्रमण, मार्ग प्रकाश और सफाई से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनमें अधिकतर का समाधान मौके पर कर दिया गया।समाधान दिवस में कई भवन स्वामियों की कर संबंधी समस्याओं का भी निस्तारण किया गया। इनमें GIS मूल्यांकन में त्रुटियों को सुधारते हुए कर की राशि यथोचित स्तर पर लाई गई। कुछ मामलों में भवनों के वार्षिक कर मूल्य में बड़ी कटौती की गई, जिससे नागरिकों को राहत मिली।नगर निगम लखनऊ द्वारा आयोजित यह समाधान दिवस न केवल शिकायतों के निस्तारण का माध्यम बना, बल्कि नगर निगम और नागरिकों के बीच संवाद और विश्वास को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि जनता की समस्याओं का समाधान पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.