diwali horizontal

जेन-अल्फा ने घेरा लखनऊ

0 31

जेन-अल्फा ने घेरा लखनऊ

LUCKNOW LIVE;लखनऊ में शिक्षकों की कमी को लेकर जेन-अल्फा ने एक बार फिर सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह 7 बजे बारिश के बीच करीब 250 जेन-अल्फा छात्राएं दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर इकट्ठा हुईं। सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। छात्राएं मोहान रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय से ढाई किमी चलकर यहां तक पहुंचीं। 6वीं से 12वीं कक्षा तक के इस स्कूल को समाज कल्याण विभाग चलाता है।

प्रदर्शन के दौरान बाईपास के चारों तरफ 2 से 3 किमी लंबा जाम लग गया। 4 थानों और चौकियों की पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे तक छात्राओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे DM को बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं। जब बात नहीं बनी, तो छात्राएं हजरतगंज स्थित DM आवास की तरफ दौड़ने लगीं।

लखनऊ-हरदोई हाईवे पर रॉन्ग साइड में दौड़ती छात्राओं के पीछे-पीछे पुलिसकर्मी भी दौड़े। छात्राएं जब मोहान रोड से 8 किमी दूर बालागंज चौराहे पर पहुंचीं तो एसीपी काकोरी शकील अहमद और एडीसीपी धनंजय ने उन्हें रोका। इसके बाद उनके सामने ही समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की।

एसीपी काकोरी ने छात्राओं को बताया कि अधिकारी समस्या का समाधान आज ही करेंगे। इसके बाद छात्राएं मान गईं और उन्हें ई-बसों से वापस स्कूल भेज दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.