
मोहनलालगंज में दर्दनाक वारदात: 16 साल की नाबालिग से दुष्कर्म
LUCKNOW LIVE: मोहनलालगंज क्षेत्र से लापता 16 साल की किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा किया गया और पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर उसके साथ 3 दिन तक दुष्कर्म कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने 24 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उसकी 16 साल की ननद 17 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई थी। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि दुर्गेश और उसकी पत्नी खुशबू उसे अपने साथ ले गए थे।

जब परिजन किशोरी तक पहुंचे तो उसने बताया कि 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया और उसके पति विनोद उसे बाइक से पीजीआई क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गए थे। वहां राबिया ने उसकी मुलाकात अपने परिचित द्वारिका रैदास से कराई, जिसने तीन दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता की शिकायत पर मोहनलालगंज थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुस्ताक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया।