
भाजपा सरकार में लूट और झूठ का खेल चल रहा है : अखिलेश यादव
लखनऊ: 19 सितम्बर।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा शासन में भर्तियों और नियुक्तियों में गोरखधंधा चल रहा है। उन्होंने कहा कि लखीमपुर अर्बन-को-ऑपरेटिव बैंक की नियुक्तियां तो केवल एक उदाहरण हैं, असल में पूरे प्रदेश में नौकरियों और बजट का बंदरबांट हो रहा है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में ऊपर से नीचे तक मिलीभगत से लूट और भ्रष्टाचार का खेल हो रहा है। गरीबों और पीडीए समाज का हक छीना जा रहा है और उनका आरक्षण भी खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में 90 फीसदी पीडीए समाज की उपेक्षा हो रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर “झूठ और लूट” की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जमीनों पर कब्जा, बजट का हेरफेर और अवैध कारोबार सब सुनियोजित तरीके से चल रहे हैं।लखनऊ मेट्रो के संचालन को लेकर मुख्यमंत्री के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि राजधानी में मेट्रो सेवा समाजवादी सरकार के समय शुरू हुई थी और कानपुर व आगरा में भी मेट्रो का निर्माण कार्य उसी दौरान प्रारम्भ हुआ। उन्होंने कहा कि इतना बड़ा झूठ बोलना बेहद शर्मनाक है क्योंकि जनता मेट्रो संचालन का प्रत्यक्ष अनुभव कर चुकी है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है और उसके नेता अपने अनुयायियों को मूर्ख समझते हैं। सत्ता का ऐसा लालच नहीं होना चाहिए कि व्यक्ति अपने ही पद की गरिमा गिरा दे।उन्होंने कहा कि महाकुंभ जैसे पावन अवसर पर भी भाजपा नेताओं ने झूठ बोला, जिससे सत्य स्वयं को बौना महसूस करने लगा।
