diwali horizontal

यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ‘विशेष प्रॉविजनल वोटिंग कानून’ बनाए केंद्र सरकार : कल्पना इनामदार

0 18

लखनऊ। लोक आंदोलन की कार्याध्यक्ष एवं मतदाता अधिकार सत्याग्रह आंदोलन की मुख्य सत्याग्रही कल्पना इनामदार ने केंद्र सरकार से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले ‘विशेष प्रॉविजनल वोटिंग कानून’ बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में त्रुटियों या गलत तरीके से नाम हटाए जाने के कारण किसी भी पात्र नागरिक को उसके संवैधानिक मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

​उल्लेखनीय है कि 16 नवंबर 2026 को सीतापुर जिले के नैमिषारण्य स्थित नारदानंद आश्रम में राष्ट्रीय किसान मंच के अध्यक्ष पं. शेखर दीक्षित के सहयोग से सात दिवसीय शांतिपूर्ण सत्याग्रह शुरू किया गया था। 22 नवंबर को सीतापुर के जिलाधिकारी द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद यह अनशन समाप्त हुआ।

​कल्पना इनामदार ने केंद्र सरकार को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि आवश्यकता पड़ने पर संसद का विशेष सत्र बुलाकर इस कानून की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके तहत जिन पात्र नागरिकों के नाम पिछली अंतिम मतदाता सूची में थे और वर्तमान सूची से कट गए हैं, उनके लिए तत्काल सत्यापन और गोपनीय ‘सशर्त प्रॉविजनल वोटिंग’ की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक यह कानून नहीं बन जाता, तब तक उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव स्थगित रखे जाने चाहिए, अन्यथा चुनी जाने वाली सरकार के जनप्रतिनिधित्व पर सवाल खड़े होंगे।

​इस मुद्दे पर व्यापक समर्थन जुटाने के लिए कल्पना इनामदार जल्द ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती सहित अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय दलों के नेताओं से मुलाकात करेंगी। वहीं, राष्ट्रीय किसान मंच के अध्यक्ष पं. शेखर दीक्षित ने इस अभियान को जनहित से जुड़ा बताते हुए अपना पूर्ण समर्थन जारी रखने की बात कही है। कल्पना इनामदार ने स्पष्ट किया कि अनशन भले ही समाप्त हुआ है, लेकिन प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए उनका लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.