diwali horizontal

लखनऊ: किसान पथ पर भीषण बस हादसा, दो बच्चों समेत पांच लोगों की जलकर मौत, बस चालक-परिचालक फरार

0 169

लखनऊ: किसान पथ पर भीषण बस हादसा, दो बच्चों समेत पांच लोगों की जलकर मौत, बस चालक-परिचालक फरार

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में गुरुवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जब बेगूसराय (बिहार) से दिल्ली की ओर जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। यह दर्दनाक घटना लखनऊ-रायबरेली रोड पर स्थित किसान पथ के ऊपर उस समय हुई, जब बस तेज गति से आगे बढ़ रही थी। बस में लगभग 80 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में दो मासूम बच्चों सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्रियों ने बड़ी मुश्किल से जान बचाई। आग लगने के बाद चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज के सहायक पुलिस आयुक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने भी तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। राहत और बचाव कार्य में पुलिस को स्थानीय निवासियों का सहयोग मिला, जिन्होंने साहस दिखाते हुए बस की खिड़कियों के शीशे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई यात्री धुएं से घबरा चुके थे, लेकिन समय रहते उन्हें बचा लिया गया।फायर ब्रिगेड ने जब पूरी तरह आग बुझाई, तो बस के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। तलाशी के दौरान बस के भीतर पांच लोगों के जले हुए शव मिले, जिनमें दो बच्चे भी शामिल थे। मृतकों की पहचान लख्खी देवी (55 वर्ष), सोनी (26 वर्ष), देवराज (3 वर्ष), साक्षी कुमारी (2 वर्ष) और मधुसुधन (21 वर्ष) के रूप में की गई है। इसके अतिरिक्त एक अन्य यात्री को हल्की चोटें आई हैं, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। हादसे के बाद से ही चालक और परिचालक दोनों फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। आशंका है कि तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है।
थाना स्थानीय पर इस पूरे प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।हादसे के बाद किसान पथ पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया। मौके की स्थिति अब पूरी तरह से सामान्य है और प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।इस दुखद घटना ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा, वाहनों की तकनीकी जांच और ड्राइवर-स्टाफ की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस व प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.