diwali horizontal

शहर की स्वच्छता पर नगर आयुक्त की सख्ती: जोन-3 के औचक निरीक्षण में मिली लापरवाही, दिए कड़े निर्देश

0 54

शहर की स्वच्छता पर नगर आयुक्त की सख्ती: जोन-3 के औचक निरीक्षण में मिली लापरवाही, दिए कड़े निर्देश

लखनऊ: शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लक्ष्य के तहत नगर आयुक्त गौरव कुमार ने शुक्रवार सुबह जोन-3 का पुनः औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन की स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से किया गया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई और हार्टिकल्चर वेस्ट के निस्तारण की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया।निरीक्षण की शुरुआत नगर आयुक्त ने सेक्टर एच स्थित पड़ाव से की। यहां की स्थिति संतोषजनक पाई गई, किंतु पास के पाण्डेय टोला मार्ग पर कई स्थानों पर हार्टिकल्चर वेस्ट और निर्माण अवशेष (C&D वेस्ट) का ढेर मिला। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित नगर अभियंता और गार्डन सुपरिटेंडेंट को तत्काल कार्रवाई कर क्षेत्र को साफ कराने के निर्देश दिए।इसके पश्चात वे पाण्डेय टोला पहुंचे, जहां कुछ नालियां कचरे से भरी पाई गईं। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित बीट इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए तथा ज़ोनल सेनेटरी ऑफिसर (ZSO) को निर्देशित किया कि नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और डोर-टू-डोर (D2D) कूड़ा उठान व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों से बातचीत कर D2D सेवा की स्थिति की पुष्टि भी की।अलीगंज बाजार, कुर्सी रोड और डंड‌इया मार्केट के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को खुले में कूड़ा जलाने की शिकायतें मिलीं। इस पर उन्होंने संबंधित टीम को ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ चालान करने के निर्देश दिए और तत्काल प्रभाव से इन इलाकों में D2D कचरा संग्रहण प्रारंभ करने का आदेश दिया।ईदगाह रोड, सेक्टर ई, अलीगंज में भी हार्टिकल्चर वेस्ट पाए जाने पर नगर आयुक्त ने गार्डन सुपरिटेंडेंट को निर्देश दिया कि शाम तक सभी स्थानों से कचरा पूरी तरह हटा लिया जाए। इसके बाद वे सेक्टर जी पहुंचे, जहां ZSO ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में D2D सेवा बाधित है। नगर आयुक्त ने स्वयं मौके पर स्थिति देखी और तत्काल सेवा शुरू कराने का आदेश दिया। इस दौरान एक दुकान के बाहर गंदगी पाए जाने पर संबंधित दुकानदार का चालान किया गया। नगर आयुक्त ने ZSO को शाम तक उन सभी स्थानों की सूची प्रस्तुत करने के लिए कहा, जहां D2D सेवा सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रही है।निरीक्षण के दौरान ज़ोनल अधिकारी, ज़ोनल सेनेटरी ऑफिसर, नगर अभियंता, गार्डन सुपरिटेंडेंट और LSA टीम मौजूद रही।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने सभी अधिकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, “शहर की स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर कोताही करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छ लखनऊ का लक्ष्य तभी संभव है जब हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को ईमानदारी से निभाए।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.