
लखनऊ के काकोरी क्षेत्र के दबंग को 6 माह के लिए जिलाबदर करने का आदेश, गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई
लखनऊ के काकोरी क्षेत्र के दबंग को 6 माह के लिए जिलाबदर करने का आदेश, गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अंतर्गत काकोरी थाना क्षेत्र के एक मनबढ़ एवं दबंग व्यक्ति संजय कुमार रावत को उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम-1970 की धारा 3 के तहत लखनऊ की सीमा से छह माह के लिए निष्कासित (जिलाबदर) करने का आदेश पारित किया गया है। यह आदेश लोक शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से न्यायालय पुलिस आयुक्त के समक्ष संबंधित वाद संख्या 71(16)/2025 की सुनवाई के बाद जारी हुआ।इस मामले में विपक्षी के विद्वान अधिवक्ता द्वारा प्रस्तुत तथ्यों को सुनने के बाद राज्य की ओर से उपस्थित संयुक्त निदेशक अभियोजन कमिश्नरेट लखनऊ श्री अवधेश कुमार सिंह ने विपक्षी के तर्कों का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने न्यायालय को यह समझाया कि उक्त व्यक्ति की आपराधिक गतिविधियां क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग कर रही हैं और ऐसे व्यक्ति को स्थानीय सीमा से निष्कासित करना आवश्यक है।न्यायालय ने अभियोजन पक्ष के तर्कों और उपलब्ध अभिलेखों की गहन जांच-पड़ताल के बाद संजय कुमार रावत को गुण्डा घोषित करते हुए लखनऊ की सीमा से छह माह के लिए निष्कासन का आदेश पारित किया।संजय कुमार रावत के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें धारा 147, 148, 149, 307, 336, 323, 504, 506 आईपीसी के तहत मुकदमे शामिल हैं। इन आपराधिक कृत्यों के चलते उसे विभिन्न थानों से निरंतर एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें सकरा थाना बन्थरा तथा काकोरी थाना क्षेत्र प्रमुख हैं।यह कदम क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने इस आदेश के माध्यम से यह संदेश दिया है कि कानून का शासन किसी भी परिस्थिति में कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।इस आदेश से यह भी स्पष्ट होता है कि पुलिस प्रशासन न्याय व्यवस्था के सहयोग से क्षेत्र में अपराध और गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्यरत है। इस प्रकार की कड़ी कार्रवाई से जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी और अपराधियों में भी दहशत का माहौल बनेगा।
