diwali horizontal

पीडीए समाज के नेताओं ने सपा को दिया समर्थन, अखिलेश यादव बोले– भाजपा लूट का गैंग

0 63

पीडीए समाज के नेताओं ने सपा को दिया समर्थन, अखिलेश यादव बोले– भाजपा लूट का गैंग

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पीडीए समाज के 65 से अधिक कार्यकर्ताओं और नेताओं ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर मुलाकात की। इस दौरान सभी नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में बिना शर्त समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की घोषणा की।यह प्रतिनिधिमंडल सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी और अपनी जिन्दगी अपना दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरजीत सिंह खण्डसाल के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचा। अलग-अलग जिलों में सक्रिय इन संगठनों के नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीडीए की मजबूत भागीदारी समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने में योगदान करेगी।नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा लूट का गैंग है, जिसने संस्थानों और संसाधनों पर कब्जा कर लिया है। भाजपा झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रही है और वोट की चोरी तक की है। उन्होंने आगामी चुनाव को संविधान और अधिकार बचाने का चुनाव बताते हुए कहा कि जनता को भाजपा के अन्याय और उत्पीड़न से मुक्ति दिलानी होगी।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर सबको न्याय और सम्मान मिलेगा। रुके हुए विकास कार्य फिर शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है। अर्थव्यवस्था बदहाल है, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, विदेश नीति विफल हो चुकी है। ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान सेना मजबूती से लड़ी, पीओके भी ले सकती थी, लेकिन केन्द्र सरकार की चूक ने अवसर गंवा दिया।उन्होंने चीन को देश की सीमा और बाजार के लिए सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण चीन भारत की जमीन पर अतिक्रमण कर रहा है और हमारे बाजार पर कब्जा जमा रहा है। खाद संकट को लेकर उन्होंने सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए और कहा कि किसानों को खाद के बदले लाठियां मिल रही हैं।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। नौकरियां खत्म कर आउटसोर्सिंग और निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, प्रदेश में स्कूल बंद किए जा रहे हैं लेकिन शराब की दुकानों की संख्या बढ़ाई जा रही है, जो समाज और युवाओं के लिए विनाशकारी है।अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार के काम गिनाते हुए कहा कि सपा शासन में एक्सप्रेसवे, आईटी सिटी, मेट्रो रेल, रिवरफ्रंट, मंडियां और छात्रों को लैपटॉप जैसी योजनाएं लागू की गईं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लड़ाकू विमान तक उतारे गए थे, लेकिन भाजपा सरकार विकास की इन योजनाओं को भी बिगाड़ चुकी है।
इस अवसर पर मौजूद नेताओं में सतीश भारतीय (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, अपनी जिन्दगी अपना दल), राम आसरे पाल (प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्र उदय पार्टी), केवट राम धनी बिन्द (राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय मानव समाज पार्टी), देवशरण यादव (प्रदेश अध्यक्ष, पिछड़ा-दलित विकास महासंघ), जी.पी. जायसवाल (राष्ट्रीय अध्यक्ष, गांधीयन पीपुल्स पार्टी), साहू अक्षय भाई, राजीव रत्न कश्यप (राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी), अब्दुल हलीम सलमानी, श्रीकान्त साहू (अध्यक्ष, अति पिछड़ा समाज महासभा), चुन्नी लाल प्रजापति (राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी), अमोद राठौर (कन्ज्यूमर प्रोटेक्शन एवं राइट काउंसिल), कांत गुप्ता साहू, डॉ. तेजपाल तोमर, शिवा गुप्ता, अभिषेक यादव, रीता गुप्ता आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.