
लखनऊ: एराज़ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आयोजित छह दिवसीय वार्षिक उत्सव ‘इग्नाइट-2026’ का गुरुवार को रोमांचक खेल और सांस्कृतिक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चले इस उत्सव में एमबीबीएस के विद्यार्थियों ने क्रिकेट, फुटबॉल, थ्रोबॉल, खो-खो, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स जैसी खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ डांस, नुक्कड़ नाटक, फैशन शो, और गायन जैसी सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर अपनी प्रतिभा दिखाई।

उत्सव के अंतिम दिन हुए रोमांचक मुकाबलों में, सफायर टीम ने फोनिक्स को हराकर क्रिकेट (बालक व बालिका दोनों वर्ग) और थ्रोबॉल के दोहरे खिताब अपने नाम किए। एथलेटिक्स में मोनिस ने 100 और 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। भाला फेंक में सुहैल (बालक वर्ग) और शिवानी (बालिका वर्ग) विजेता रहे, जबकि शॉट पुट में आसिम बॉस और शिवानी ने बाजी मारी। खो-खो और ट्रेजर हंट में भी सफायर का दबदबा रहा, वहीं फुटसल में फोनिक्स और वॉलीबॉल में अल्फा ने जीत दर्ज की।

सांस्कृतिक मंच पर एकल नृत्य में आकांक्षा और युगल नृत्य में श्रीजया-हिबा की जोड़ी अव्वल रही। नुक्कड़ नाटक और थिएटर प्ले में फोनिक्स ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि फैशन शो, डिबेट, स्केचिंग और वॉल पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में सफायर की टीम विजेता रही।

प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रो. जमाल मसूद और प्रो. एमएमए फरीदी ने किया। प्रोफेसर फरीदी ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इस उत्सव ने छात्रों को पढ़ाई के साथ अपनी कला और खेल प्रतिभा को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान किया।