
71वीं सीनियर स्टेट वॉलीबाल चैंपियनशिप वॉलीबाल के महाकुंभ का दमदार आगाज
सांसद विनोद सोनकर ने किया उद्घाटन, मार्चपास्ट की ली सलामी
जाट रेजीमेंट, अयोध्या, जालौन व प्रयागराज का विजयी आगाज
मऊ। उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला वॉलीबाल एसोसिएशन मऊ द्वारा आयोजित 71 वीं सीनियर स्टेट वॉलीबाल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) का दमदार आगाज बुधवार को जीवन राम इंटर कॉलेज छात्रावास के खेल मैदान पर हुआ। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व सांसद कौशांबी विनोद सोनकर ने बतौर मुख्य अतिथि चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। सांसद ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए पुरुष एवं महिला खिलाडियों के मार्च पास्ट की सलामी ली, विदित हो कि उक्त चैंपियनशिप में प्रदेश की 78 पुरुष एवं 35 महिला टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसके पूर्व मुख्य अतिथि समेत उपस्थित अन्य गणमान्य अतिथियों ने पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन भीम नारायण राय के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री उत्पल राय ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। वॉलीबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने स्वागत संबोधन एवं कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव प्रमोद कुमार राय ने किया। चैंपियनशिप का उद्घाटन मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां पुरुष वर्ग में जाट रेजीमेंट ने देवरिया हॉस्टल को 25-22, 20-25, 25-22 से पराजित किया। अन्य मुकाबलों में जालौन ने गाजीपुर को 25-18, 25-18, अयोध्या ने संतकबीरनगर को 25-19, 25-18 से पराजित कर चैंपियनशिप का दमदार आगाज किया। वहीं महिला वर्ग के मुकाबलों में प्रयागराज ने गाजीपुर को 25-12, 25-08 से, बांदा ने मैनपुरी को 25-11,25-16 से तथा सिद्धार्थनगर ने अलीगढ़ को 25-17, 25- 19 से पराजित कर अपने अभियान की शुरुआत की।
खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन को पहुंचे गणमान्य

71वीं सीनियर स्टेट वॉलीबाल चैंपियनशिप के उद्घाटन में प्रदेश व जनपद से राजनीति, शिक्षा, चिकित्सा, खेल व व्यापार जगत की नामचीन हस्तियों ने आयोजन स्थल पहुंच कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि सांसद कौशांबी विनोद सोनकर के अलावा, घोषी सांसद प्रतिनिधि गोपाल राय, भाजपा नेता मनोज राय, दिग्विजय राय, राजनाथ मिश्र, सलीम अंसारी, डॉ राहुल राय, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, डॉ शाहनवाज, प्रयागराज वॉलीबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार राय, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन मऊ के सचिव डॉ विनोद सिंह, आनंद शर्मा, पंकज शुक्ला, नीरज राय आदि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुस्तैद दिखा उप्र वॉलीबाल निर्णायक मंडल
स्टेट चैंपियनशिप को सफल बनाने में उत्तर प्रदेश वॉलीबाल एसोसिएशन के निर्णायक मुस्तैद दिखे। निर्णायक की भूमिका विष्णु सिंह, विनोद कुमार सिंह, फूलचंद गुप्ता, अजय वर्मा, यशवंत सिंह, शिवाजी सिंह, हरिशंकर सिंह, मोहम्मद आदिल, बृजेश मौर्य, सत्येंद्र पांडे, सीबी मिश्र, यशवंत पटेल, सुरेश मिश्र, संतोष पटेल, धनंजय राय व रविकांत यादव आदि ने निभाई। चैंपियनशिप के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को लीग राउंड के मुकाबले खेले जायेंगे।