diwali horizontal

जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शासन प्रतिबद्ध: ए.के. शर्मा

0 40

जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शासन प्रतिबद्ध: ए.के. शर्मा

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को अपने लखनऊ स्थित आवास पर आयोजित जनसुनवाई में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में नगर विकास, ऊर्जा, जल आपूर्ति, विद्युत कनेक्शन, बिलिंग, सफाई व्यवस्था और शहरी सुविधाओं से संबंधित अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं।मंत्री ए.के. शर्मा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े। जनता की आवाज ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, हर शिकायत हमारे लिए सुधार का अवसर है। अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करें।जनसुनवाई के दौरान जनपद औरैया से आए एक शिकायतकर्ता ने क्षतिपूर्ति से संबंधित समस्या रखी, जिस पर मंत्री ए.के. शर्मा ने तुरंत अपर मुख्य सचिव ऊर्जा नरेंद्र भूषण को फोन कर मामले के निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, बदायूं से आए एक गंभीर बीमारी से ग्रस्त व्यक्ति के परिजन ने चिकित्सीय सहायता और एम्स में भर्ती कराने के लिए मंत्री से अनुरोध किया। मंत्री ने तत्काल सहायता का आश्वासन देते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।मंत्री ने कहा कि ऊर्जा और नगर विकास दोनों ही ऐसे विभाग हैं जो सीधे जनता के जीवन से जुड़े हैं, इसलिए इनके कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भाव सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे फील्ड पर जाकर जनता से संवाद करें, नियमित रूप से जनसुनवाई और निरीक्षण करें ताकि समस्याएं समय रहते दूर हो सकें।ए.के. शर्मा ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि समाधान की संस्कृति स्थापित करना है। जब जनता को राहत मिलती है, तभी शासन की सार्थकता सिद्ध होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.