
यूपी में कोडीन कफ सिरप तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, सहारनपुर के दो सगे भाई लखनऊ से गिरफ्तार
कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ यूपी एसटीएफ ने गुरुवार को एक और बड़ी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने सहारनपुर के रहने वाले दो सगे भाई, अभिषेक शर्मा और शुभम शर्मा को लखनऊ के आलमबाग इलाके से गिरफ्तार किया है। दोनों पर कोडीन मिश्रित सिरप का अवैध भंडारण करने और फर्जी फर्मों के जरिए उसके कारोबार को फैलाने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन और फर्जी कंपनियों से जुड़े कई दस्तावेज बरामद हुए हैं।
अवैध नेटवर्क में महत्वपूर्ण कड़ी
जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों को आलमबाग मवैया रोड, टेढ़ी पुलिया तिराहा के पास से पकड़ा गया। SIT को इनकी तलाश लंबे समय से थी। जांच में सामने आया कि ये दिल्ली में एबॉट कंपनी के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर से जुड़े थे और कफ सिरप सप्लाई चेन में अहम भूमिका निभाते थे।
पूछताछ में अभिषेक ने कबूल किया है कि वह 2019 से जी.आर. ट्रेडिंग फर्म से जुड़ा था। शुरुआत में वह सामान्य काम करता था, लेकिन बाद में वह फर्जी फर्मों के माध्यम से फेन्सेडिल (कोडीन मिश्रित कफ सिरप) की अवैध खरीद-फरोख्त में शामिल हो गया।
SIT की जांच में खुलासा हुआ कि विभोर राणा और विशाल सिंह, जी.आर. ट्रेडिंग के जरिए एबॉट कंपनी की बड़ी सप्लाई मंगाते थे और फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से इसे वैध दिखाते थे। इसके बाद यह कफ सिरप नशे के रूप में इस्तेमाल के लिए बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आगे बांग्लादेश तक भेजा जाता था।
12 आरोपियों की सूची जारी
SIT ने बुधवार को इस नेटवर्क से जुड़े 12 बड़े आरोपियों की सूची जारी की थी। इनमें विभोर राणा, सौरभ त्यागी, विशाल राणा, पप्पन यादव, शादाब, मनोहर जायसवाल, अभिषेक शर्मा, विशाल उपाध्याय, भोला प्रसाद, शुभम जायसवाल, आकाश पाठक और विनोद अग्रवाल शामिल हैं।
इन सभी पर कोडीन मिश्रित कफ सिरप की अवैध खरीद-बिक्री, स्टॉकिंग तथा राज्य से बाहर और देश से बाहर तक तस्करी करने का आरोप है।