
विजन-2047 की राह पर यूपी: हाई-स्पीड नेटवर्क और रीजनल कनेक्टिविटी से परिवहन ढांचे को मिलेगी नई गति
उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में विकसित करने के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार विजन-2047 को केंद्र में रखकर प्रदेश की परिवहन संरचना को आधुनिक और सशक्त बनाने में जुटी है। सरकार का मुख्य फोकस रीजनल कनेक्टिविटी और अंतिम मील कनेक्टिविटी को मजबूत करना है, ताकि शहरी क्षेत्रों, औद्योगिक क्लस्टर्स और ग्रामीण इलाकों को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधाएं मिल सकें।
हाई-स्पीड नेटवर्क से तेज होगा आवागमन
प्रदेश सरकार शहरी और औद्योगिक केंद्रों के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हाई-स्पीड परिवहन नेटवर्क का व्यापक खाका तैयार कर रही है। इसके तहत रेल, मेट्रो और उन्नत ट्रांसपोर्ट सिस्टम को एकीकृत रूप से विकसित किया जाएगा।
| प्रस्तावित नेटवर्क | अनुमानित विस्तार |
|---|---|
| हाई-स्पीड रेल नेटवर्क | 1000 किमी से अधिक |
| रीजनल ट्रांसपोर्ट नेटवर्क | लगभग 1500 किमी |
| ऑर्बिटल कॉरिडोर | विभिन्न शहरों को जोड़ने हेतु |
इन परियोजनाओं के माध्यम से न केवल शहरों के बीच दूरी कम होगी, बल्कि यातायात दबाव में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। औद्योगिक क्षेत्रों और लॉजिस्टिक्स हब को सीधा लाभ मिलेगा।
ऑर्बिटल कॉरिडोर, मेट्रो और हाइपरलूप पर फोकस
सरकार विभिन्न ऑर्बिटल कॉरिडोर्स के निर्माण की योजना पर काम कर रही है, जिससे बड़े शहरों के चारों ओर ट्रैफिक का बेहतर प्रबंधन हो सके। इसके साथ ही इंटरसिटी हाइपरलूप, मेट्रो रेल परियोजनाओं के विस्तार और वॉटर मेट्रो नेटवर्क को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि परिवहन के आधुनिक विकल्प विकसित हो सकें।
अंतिम मील कनेक्टिविटी को प्राथमिकता
योगी सरकार की रणनीति केवल बड़े कॉरिडोर और मेगा प्रोजेक्ट्स तक सीमित नहीं है। आम नागरिकों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अंतिम मील कनेक्टिविटी को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों को रीजनल ट्रांसपोर्ट सिस्टम से जोड़ने के लिए स्थानीय परिवहन साधनों के विकास पर काम किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यस्थल, बाजार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक निर्बाध पहुंच मिल सके।
आर्थिक विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि मजबूत परिवहन अवसंरचना आर्थिक विकास की रीढ़ होती है। बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों को कच्चे माल, बाजार और श्रम शक्ति तक आसान पहुंच मिलेगी, जिससे निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इन योजनाओं के जरिए उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, आधुनिक और विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
