
लखनऊ : आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस सोनी ने रविवार को जारी एक बयान कानून व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार को पूरी तरह से फेल करार दिया। उन्होंने बरेली में किसान को जिंदा जलाने और पीलीभीत में पुजारी की हत्या की घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर करारा हमला बोला। कहा, प्रदेश में हर रोज लूट, हत्या और बलात्कार की घटनाओं से आम आदमी सहमा हुआ है।
कहीं बीच सड़क से अगवा करके किसी युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म होता है तो कहीं पर मंदिर में किसी महिला की आबरू लूट ली जाती है। न खेत में सो रहा किसान महफूज है और न बाजार में बैठा व्यापारी। बेलगाम अपराधी एक से बढ़कर एक दुस्साहसिक घटनाएं अंजाम दे रहे हैं, जो कानून व्यवस्था बनाए रखने में योगी सरकार की नाकामी को साबित करता है। प्रिंस सोनी ने बरेली में किसान और पीलीभीत में पुजारी की हत्या का शीघ्र पर्दाफाश करने एवं अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने की मांग की।