
पॉकेट नोवेल से विजय सेतुपति, मालविका मोहनन और राज बी शेट्टी के नए लुक जारी, पोंगल पर 5 भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
मनोरंजन डेस्क: निर्देशक त्यागराजन कुमारराजा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पॉकेट नोवेल’ को लेकर दर्शकों के बीच लगातार उत्साह बढ़ता जा रहा है। हाल ही में फिल्म से विजय सेतुपति, मालविका मोहनन और राज बी शेट्टी के नए लुक सामने आए हैं, जिससे फिल्म को लेकर बेसब्री और बढ़ गई है। खास बात यह है कि ‘सुपर डीलक्स’ के बाद त्यागराजन कुमारराजा और विजय सेतुपति एक बार फिर साथ आए हैं।
कलाकारों के नए और अनोखे अंदाज
विजय सेतुपति: नए स्टिल्स में विजय सेतुपति बेहद शांत और प्रभावशाली अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनका यह अवतार उनके पहले देखे गए किरदारों से काफी अलग है। ‘विक्रम वेधा’, ‘महाराजा’ और ‘बत्था’ जैसी फिल्मों के बाद दर्शकों को उनसे एक बार फिर नए अनुभव की उम्मीद है।
मालविका मोहनन: सामने आई तस्वीर में मालविका हल्की रोशनी और इंटेंस बैकग्राउंड के बीच गंभीर व विचारमग्न नजर आ रही हैं। उनके भाव उनके किरदार को लेकर जिज्ञासा पैदा करते हैं। ‘पेट्टा’ और ‘मास्टर’ में साथ काम करने के बाद यह पहला मौका है, जब विजय सेतुपति और मालविका मोहनन इस फिल्म के जरिए स्क्रीन स्पेस साझा करते दिखेंगे।
राज बी शेट्टी: ‘गरुड़ गमना वृषभ वाहन’, ‘टोबी’ और ‘सु फ्रॉम सो’ जैसी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले राज बी शेट्टी इस बार अपने जाने-पहचाने रफ एंड टफ अंदाज से हटकर एक नए रूप में दिखाई दे रहे हैं।
सात साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी
फिल्म का निर्देशन त्यागराजन कुमारराजा ने किया है, जो ‘आरन्या कांडम’ और ‘सुपर डीलक्स’ जैसी लीक से हटकर फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों की पहचान परतदार कहानियां, अप्रत्याशित मोड़ और इंसानी रिश्तों व समाज को नए नजरिए से दिखाना रही है। सात साल से अधिक समय के बाद बड़े पर्दे पर उनकी यह वापसी उनके प्रशंसकों के लिए खास मानी जा रही है।
14 जनवरी 2027 को पैन-इंडिया रिलीज
त्यागराजन कुमारराजा और एस. डी. एझिलमथी के प्रोडक्शन तथा टायलर डर्डन व किनो फिस्ट के बैनर तले बनी ‘पॉकेट नोवेल’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह फिल्म पोंगल के अवसर पर 14 जनवरी 2027 को तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी समेत पांच भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।