diwali horizontal

अखिलेश यादव ने लखीमपुर के तेंदुए से मुकाबला करने वाले साहसी मजदूर मिही लाल गौतम को किया सम्मानित

0 107

अखिलेश यादव ने लखीमपुर के तेंदुए से मुकाबला करने वाले साहसी मजदूर मिही लाल गौतम को किया सम्मानित

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में लखीमपुर में तेंदुए से बहादुरी से मुकाबला करने वाले मजदूर मिही लाल गौतम को सम्मानित किया। यह घटना 24 जून 2025 की है, जब मिही लाल ग्राम सभा बबुरी भट्ठे पर गए थे, जहां छुपे तेंदुए ने उन पर अचानक हमला कर दिया। मिही लाल ने बताया कि यह जीवन और मृत्यु का सवाल था, इसलिए उन्होंने तेंदुए से भिड़ना बेहतर समझा।श्री यादव ने मिही लाल गौतम को दो लाख रुपये का चेक भेंट किया और साथ ही राज्य सरकार से भी आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। इस अवसर पर मिही लाल की पत्नी पुष्पा देवी, पुत्र संजय कुमार और भांजा राजेश कुमार भी मौजूद थे। उनका परिवार ग्राम गिरधारी पुरवा, जुगनूपरु विधानसभा क्षेत्र धौरहरा का निवासी है।इस मौके पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव संरक्षण को लेकर उदासीनता पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जंगल खत्म हो रहे हैं, जिससे वन्यजीवों का जीवन संकट में है और वे आबादी वाले इलाकों में आने को मजबूर हो रहे हैं। कई बार ये जानवर घरों, छतों तक पहुंच जाते हैं, जबकि आवारा पशुओं के हमलों में लोग मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंसान ही अब जंगलों का सबसे बड़ा दुश्मन बन गया है।अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण बढ़े हैं, जिससे रिहायशी इलाकों में समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। बंदरों का उत्पात बढ़ा है, इतना कि एक डीएम का चश्मा तक बंदर छीन ले गया। अस्पतालों में सांप व कुत्ता काटने की दवाइयों का अभाव है। उन्होंने याद दिलाया कि समाजवादी सरकार के समय जनेश्वर मिश्र पार्क में पकड़े गए सांपों को जंगल में छोड़ दिया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समाजवादी सरकार में लोहिया पार्क और जनेश्वर मिश्र पार्क जैसे प्रतिष्ठित स्थल बनाए गए थे, जहां हर सुबह बड़ी संख्या में लोग टहलने जाते थे। वहीं भाजपा सरकार ने यमुना, वरूणा, काली नदी और गोमती की सफाई नहीं कराई, नालों की सफाई भी नहीं हुई। इटावा लॉयन सफारी में शेरों का परिवार बढ़ रहा है, लेकिन भाजपा सरकार ने इसका विकास और बजट दोनों ही बंद कर दिए हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि पर्यावरण के मुद्दे पर विश्व चिंतित है और ऋतु चक्र के बदलाव से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। समय पर वर्षा न होने और बादल फटने से कई जान-माल की हानि हो चुकी है। समाजवादी पार्टी ने सोलर प्लांट लगाए और साइकिल ट्रैक बनाए थे, जिन्हें भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। उनकी सोच विकास की नहीं बल्कि लूट की है।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में वीरतापूर्ण कार्यों के सम्मान में लक्ष्मीबाई पुरस्कार की शुरुआत की गई थी, जिसे भाजपा सरकार ने बंद कर दिया।इस अवसर पर सांसद आनन्द भदौरिया, जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह, पूर्व प्रत्याशी वरूण चौधरी, विधानसभाध्यक्ष विकास यादव, उत्तम वर्मा, उमेश गिरि, शेखू मिर्जा और वीरेन्द्र कुमार की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.